आगरा: लखनऊ में कोचिंग सेंटर में हुए भीषण अग्निकांड में जान गंवाने वाले निर्दोष छात्रों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए आगरा व्यापार मंडल ने मंगलवार को एक शोक सभा का आयोजन किया। संजय प्लेस स्थित शहीद स्मारक पर एकत्रित व्यापारियों ने मोमबत्तियां जलाकर और दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए आगरा व्यापार मंडल के अध्यक्ष टीएन अग्रवाल ने कहा कि लखनऊ की यह त्रासदी अत्यंत हृदयविदारक है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के मंदिर में हुई इस घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। इन होनहार छात्रों का असमय जाना न केवल उनके परिवारों के लिए, बल्कि पूरे समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उन्होंने इस दुखद घड़ी में पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी पूरी संवेदना व्यक्त की।
संगठन के महामंत्री अशोक मंगवानी और संगठन महामंत्री राकेश बंसल ने इस अवसर पर अग्नि सुरक्षा मानकों की अनिवार्यता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी शैक्षणिक संस्थान या व्यावसायिक परिसर में सुरक्षा नियमों का पालन सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए प्रशासन को हर स्तर पर अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए कठोर कदम उठाने चाहिए।
शोक सभा में व्यापार मंडल के वरिष्ठ पदाधिकारियों सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे, जिन्होंने एक स्वर में ईश्वर से प्रार्थना की कि वे दिवंगत छात्रों की आत्मा को शांति प्रदान करें और उनके परिवारों को यह असहनीय दुख सहने की शक्ति दें।
इस श्रद्धांजलि सभा में प्रमुख रूप से राजीव गुप्ता, राजेश अग्रवाल, योगेश रखवानी, अंशुल अग्रवाल, देवेंद्र अग्रवाल, दुष्यंत गर्ग, साहूकार सिंह चाहर, कन्हैयालाल राठौर, अमित अग्रवाल ‘पारुल’, डॉ. धीरज वर्मा, अशोक लालवानी, अनुराग अरोड़ा, बृजमोहन रेपुरिया, अनूप बंसल, सुनील गर्ग, राजेंद्र सचदेवा, सुनील बंसल, विक्की गुप्ता, विजय बंसल, महावीर मंगल, रितेश राठौर और सुमित अरोड़ा सहित भारी संख्या में व्यापारी और नागरिक उपस्थित थे।
- यूपी चुनाव 2027 से पहले बीजेपी का संगठनात्मक फेरबदल: प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने प्रकोष्ठ और सोशल मीडिया टीम के 13 नए पदाधिकारियों के नामों का किया ऐलान - September 18, 2026
- आगरा में महागणपति का अलौकिक शृंगार: गुलाबी वस्त्रों और स्वर्ण आभूषणों में सजे भगवान श्री वरद वल्लभा, लाल पुष्पों से सजा भव्य फूल बंगला बना आकर्षण का केंद्र - September 18, 2026
- आगरा में रामकथा के चौथे दिन गूंजी ‘राधे-राधे’ की धुन: मोरारी बापू बोले—पुकार में इतनी शक्ति है कि भगवान दौड़े चले आते हैं - September 18, 2026