आगरा: शहर की यातायात पुलिस की कार्यप्रणाली भी अजीब है। यातायात पुलिस ने एक ऑटो रिक्शा चालक का चालान बिना हेलमेट गाड़ी चलाने में कर दिया। ऑटो रिक्शा चालक के मोबाइल फोन पर संदेश आया तो वह परेशान हो गया। उसने डर के चलते हेलमेट पहनकर ऑटो चलाना शुरू कर दिया है।
ऑटो रिक्शा चालक को हेलमेट पहने देख लोग हैरान हैं। हर कोई उनसे हेलमेट पहनने का कारण पूछ रहा है। वह भी सही बात बता देते हैं, “पुलिस ने मेरा 1000 रुपये का चालान कर दिया है। दोबारा जुर्माना से बचने को हेलमेट पहना है।”
आईएसबीटी के सामने असोपा हॉस्पिटल के पास रहने वाले बलराम करीब बीस साल से ऑटो रिक्शा चला रहे हैं। बलराम ने बताया कि शुक्रवार को उन्हें एक सवारी मिली। उन्हें टेढ़ी बगिया छोड़ना था। वह उन्हें लेकर टेढ़ी बगिया पहुंचे। वहां पर उन्हें एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने रोक लिया। उनके ऑटो का फोटो खींच लिया। उनसे चालान डिलीट करने के एवज में 200 रुपये मांगे। दो सौ रुपये देकर वह आगे निकल गए।
थोड़ी देर बाद उनके मोबाइल फोन पर संदेश आया कि उनका बिना हेलमेट पहनकर गाड़ी चलाने का एक हजार रुपये का चालान हो गया है। वह लौटकर वापस ट्रैफिक पुलिसकर्मी के पास पहुंचे। चालान दिखाया। उसने दो सौ रुपये वापस कर दिए। ऑटो चालक ने कहा कि वह तो ऑटो रिक्शा चलाता है तो बिना हेलमेट का चालान क्यों कर दिया। पुलिसकर्मी ने इस पर जवाब नहीं दिया।
चालान के बाद बलराम ने अनोखा तरीका अपनाया। उन्होंने एक हेलमेट लिया और हेलमेट पहनकर ऑटो चलाया। उनके ऑटो में बैठने वाली सवारी उनसे हेलमेट पहनने का कारण पूछती तो वो अपना चालान का संदेश दिखाते हैं। कहते हैं कि पुलिस का क्या भरोसा दोबारा चालान कर दिया तो। उनके पास एक हजार रुपये का जुर्माना भरने की सामर्थ्य नहीं है। इसलिए हेलमेट पहनकर ऑटो चला रहे हैं। कई सवारियों ने उनकी वीडियो भी बनाई।
बलराम ने बताया कि उनकी शिकायत के बाद बिना हेलमेट वाले चालान को शनिवार को नो पार्किंग के चालान में बदल दिया गया। जुर्माना भी एक हजार रुपये से घटाकर 500 रुपये कर दिया गया है।
- संजय सिंह का खड़गे के ‘B टीम’ वाले बयान पर करारा पलटवार: बोले— देश भर में बीजेपी की सरकारें बनवाने का अपराध स्वयं कांग्रेस ने किया - November 5, 2026
- त्योहारों पर यूपी पुलिस की छुट्टियां निरस्त: डीजीपी राजीव कृष्ण का सख्त आदेश, 5 से 17 नवंबर तक अलर्ट मोड पर रहेगा पुलिस बल - November 5, 2026
- प्यार, धोखा और आर्थिक शोषण की दर्दनाक दास्तान: शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म? आगरा से ट्रांसफर जीरो एफआईआर पर 40 दिन बाद भी उत्तराखंड पुलिस मौन - November 5, 2026