आगरा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी जितेन्द्र कुमार गौड़ ने अवगत कराया है कि बेसिक शिक्षा विभाग के नियंत्रणाधीन समस्त परिषदीय सहित अन्य बोर्ड के विद्यालयों के संचालन का समय अग्रिम आदेशों तक प्रातः सात बजे से दोपहर बारह बजे तक कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि यह निर्णय प्रदेश के शिक्षा निदेशक (बेसिक) के आदेश के अनुपालन और जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में जनपद में वर्तमान में बढ़ती गर्मी (हीट वेव) को ध्यान में रखते हुए छात्र/छात्राओं के स्वास्थ्य की देखभाल के दृष्टिगत लिया गया।
निर्देश दिए गए हैं कि शैक्षिक संस्थानों में छाया एवं पेयजल की समुचित व्यवस्था की जाए तथा गर्मी को दृष्टिगत रखते हुए यह भी सुनिश्चित किया जाए कि विद्यार्थियों द्वारा आउटडोर शारीरिक क्रियाकलापों को न किया जाए। उन्होंने समस्त खण्ड शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया है कि अपने-अपने विकास खण्ड में उक्तानुसार विद्यालयों का संचालन कराया जाना सुनिश्चित करें।
शिक्षक संगठनों की थी मांग
बढ़ती गर्मी को देखते हुए शिक्षक संगठनों ने लंबे समय से विद्यालय समय परिवर्तन की मांग की थी। कई जिलों में पहले ही समय में बदलाव किया जा चुका था। अब पूरे प्रदेश में यह व्यवस्था लागू की जा रही है।
- लकुटी हाथ, ग्वाल-बाल साथ… आगरा में गोपाष्टमी पर निकली भव्य गौचारण यात्रा, श्रीकृष्ण-बलदाऊ के स्वरूप ने मोहा मन - November 17, 2026
- 2027 में सरकार किसी की भी बने, हमारा दबदबा रहेगा… बीजेपी के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह का बड़ा बयान - November 17, 2026
- “पहले राक्षस यज्ञ में हड्डियां डालते थे, अब लोग पोस्ट डालते हैं”: गोंडा में बिना किसी का नाम लिए धीरेंद्र शास्त्री ने कसा तंज - November 17, 2026