आगरा। ट्रांसयमुना कॉलोनी में सोमवार को जैन समाज की आस्था, परंपरा और भक्ति का भव्य दृश्य देखने को मिला। श्री दिगंबर जैन समिति के तत्वावधान में भगवान श्री चंद्रप्रभु का जन्मकल्याणक महोत्सव पूरे श्रद्धा भाव और धार्मिक उल्लास के साथ मनाया गया। शोभायात्रा, झांकियों और जयघोषों से क्षेत्र पूरी तरह भक्तिमय हो उठा।
मंदिर परिसर में ध्वज पूजन के साथ शुरुआत
महोत्सव की शुरुआत ट्रांसयमुना कॉलोनी स्थित श्री चंद्रप्रभु दिगंबर जैन पंचायती मंदिर में ध्वज पूजन एवं ध्वजारोहण से हुई। यह सौभाग्य पुष्पेंद्र जैन, राजेश जैन, कुमार मंगलम जैन और प्रकाश केसवानी को प्राप्त हुआ। इसके उपरांत भगवान श्री चंद्रप्रभु की प्रतिमा को आकर्षक रथ में विराजमान कर नगर भ्रमण के लिए प्रस्थान कराया गया।
नगर भ्रमण में धार्मिक उल्लास चरम पर
बैंड-बाजों की मधुर धुन और गगनभेदी जयकारों के बीच निकली शोभायात्रा को राकेश जैन एवं दिनेश जैन परिवार द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
शोभायात्रा में सौधर्म इंद्र के स्वरूप में देवेंद्र जैन, महेंद्र इंद्र के रूप में मुकेश जैन, ईशान इंद्र के रूप में कमल जैन, सारथी के रूप में सुनील जैन और धन कुबेर के स्वरूप में बादल जैन आकर्षण का केंद्र रहे। घोड़ों पर सवार सात राजकुमारों और जैन संस्कृति को दर्शाती झांकियों ने वातावरण को जीवंत बना दिया।
स्वर्ण कलशों से संपन्न हुआ अभिषेक अनुष्ठान
नगर भ्रमण के बाद शोभायात्रा पुनः मंदिर परिसर पहुंची, जहां भगवान श्रीजी का स्वर्ण कलशों से भव्य अभिषेक किया गया। इस दौरान बाहर से पधारे अतिथियों का मंदिर समिति द्वारा पारंपरिक रूप से स्वागत एवं सम्मान किया गया।
भक्ति, सेवा और संगीत के साथ हुआ समापन
महोत्सव के अंत में श्रद्धालुओं के लिए वात्सल्य भोज का आयोजन किया गया। सायंकाल 7 बजे संगीतमय मंगल आरती और रात्रि 8 बजे संस्कार जैन द्वारा भजन संध्या प्रस्तुत की गई, जिसमें भक्तों ने भावविभोर होकर सहभागिता की। रथयात्रा की संपूर्ण व्यवस्थाएं णमोकार बधु महिला मंडल एवं ट्रांसयमुना कॉलोनी महिला इकाई द्वारा संभाली गईं। कार्यक्रम का संचालन चंद्रकांत जैन ने किया।
जैन समाज के अनेक गणमान्य रहे उपस्थित
इस अवसर पर आगरा दिगंबर जैन परिषद के महामंत्री मनीष जैन ठेकेदार सहित सतीशचंद जैन, विमल जैन, सुनील जैन ठेकेदार, रविंद्र जैन, वैभव जैन, मोहित जैन, पंकज जैन, सिद्ध जैन, केतन जैन, विजय जैन, कंचन जैन, नीलम जैन, अंजना जैन, खुशबू जैन, ममता जैन सहित ट्रांसयमुना कॉलोनी के बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
- महिला के भेष में फरारी काट रहा था दुष्कर्म आरोपी, धौलपुर पुलिस ने वृंदावन से दबोचा, 10 हजार का इनाम था घोषित - December 30, 2025
- Agra News: नववर्ष-2026 पर आगरा पुलिस अलर्ट, कड़े सुरक्षा इंतजाम, शराब पीकर ड्राइविंग और हुड़दंग पर सख्त नज़र - December 30, 2025
- Agra News: नववर्ष-2026 पर आगरा पुलिस अलर्ट, कड़े सुरक्षा इंतजाम, शराब पीकर ड्राइविंग और हुड़दंग पर सख्त नज़र - December 30, 2025