आगरा। दयालबाग स्थित स्पोर्ट्स विजार्ड क्रिकेट ग्राउंड पर सोमवार को अग्रवाल युवा संगठन द्वारा आयोजित ‘महाराजा अग्रसेन क्रिकेट टूर्नामेंट’ का भव्य समापन हुआ। फाइनल मुकाबले में सुल्तानपुरा क्लब ने अपने ऑलराउंड प्रदर्शन के दम पर खंदारी टाइगर्स को हराकर चैंपियन ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। जीत के बाद मैदान पर खिलाड़ियों ने ढोल की थाप और होली के रंगों के साथ जमकर जश्न मनाया।
फाइनल का रोमांच: सुल्तानपुरा की आक्रामक जीत
खंदारी टाइगर्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 15 ओवरों में 5 विकेट खोकर 127 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा। जवाब में उतरी सुल्तानपुरा क्लब की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। टीम ने संयम और प्रहार का बेहतरीन संतुलन दिखाते हुए 14.3 ओवर में ही 4 विकेट खोकर 131 रन बना लिए और खिताब अपने नाम किया। निर्णायक पारी खेलने वाले प्रशांत मित्तल को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया।
खिलाड़ियों पर हुई पुरस्कारों की बौछार
पूरे टूर्नामेंट में निरंतर शानदार प्रदर्शन करने वाले सुल्तानपुरा के रचित को ‘मैन ऑफ द सीरीज’ के खिताब से नवाजा गया। वहीं, खंदारी टीम के तनिष्क को बेस्ट बैट्समैन और शिवा को बेस्ट बॉलर का पुरस्कार मिला। इससे पूर्व खेले गए सेमीफाइनल में सुल्तानपुरा ने महानगर टीम को हराकर फाइनल का टिकट पक्का किया था।
समाज सेवा का संकल्प
पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि राकेश गर्ग (अध्यक्ष, यूपी लघु उद्योग निगम) और संगठन के संस्थापक विनोद अग्रवाल ने विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान की। संगठन अध्यक्ष राकेश अग्रवाल ने बताया कि खेल के माध्यम से युवाओं को जोड़ने के बाद अब संगठन 23 मार्च को एक विशाल नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन करेगा।
इस अवसर पर महामंत्री अंकित अग्रवाल, कोषाध्यक्ष जितेंद्र अग्रवाल, संयोजक अंशुल बंसल सहित संगठन के तमाम पदाधिकारी और खेल प्रेमी मौजूद रहे।
- शिवाजी महाराज का शौर्य, आगरा प्रवास और ब्रज की संस्कृति बनेगी आकर्षण: ताज नगरी में छत्रपति शिवाजी महाराज म्यूजियम का 80% निर्माण कार्य पूरा; पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने किया निरीक्षण - October 16, 2026
- आगरा के दयालबाग में राधास्वामी मत के तृतीय संत परम गुरु महाराज साहब का पावन भंडारा 18 अक्टूबर को, देश-विदेश से पहुंच रहे सतसंगी - October 16, 2026
- आगरा में दशहरा शोभायात्रा को लेकर सियासत गरमाई, जटपुरा लोहामंडी मंदिर कमेटी ने पार्षदों के सभी आरोपों को साक्ष्यों के साथ नकारा - October 16, 2026