आगरा। आगरा जिले में ग्रामीण कनेक्टिविटी को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। फतेहपुर सीकरी के सांसद राजकुमार चाहर और खेरागढ़ विधायक भगवान सिंह कुशवाहा ने बुधवार को क्षेत्र की दो प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य का विधिवत भूमि पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इन परियोजनाओं से आवागमन सुगम होने के साथ क्षेत्रीय विकास को भी गति मिलेगी।
3.8 किमी सड़क से जुड़ेगा आगरा–ग्वालियर हाईवे
पहला भूमि पूजन गहर्रा प्याऊ पर हुआ। यहां से गहर्रा प्याऊ–सीएटी मार्ग–बीसलपुर–विरहरू होते हुए आगरा–ग्वालियर हाईवे को जोड़ने वाली 3.8 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना पर 426.96 लाख रुपये की लागत आएगी। मार्ग के बन जाने से आसपास के गांवों की सीधी कनेक्टिविटी राष्ट्रीय राजमार्ग से हो सकेगी, जिससे किसानों, व्यापारियों और आमजन को लाभ मिलेगा।
चीत गांव से सोन मार्ग तक होगा चौड़ीकरण
दूसरी परियोजना के तहत चीत गांव से सोन मार्ग तक 2.4 किलोमीटर लंबी सड़क का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण किया जाएगा, जिस पर 320.03 लाख रुपये खर्च होंगे। सड़क की गुणवत्ता सुधरने से ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और बाजारों तक पहुंच आसान होगी।
आगरा–जगनेर मार्ग को फोरलेन करने पर जोर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद राजकुमार चाहर ने कहा कि सरकार गांवों को मजबूत सड़क नेटवर्क से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आगरा–जगनेर मार्ग को फोरलेन कराने के प्रयास तेज होने की जानकारी देते हुए कहा कि इससे सुरक्षित और सुगम यातायात सुनिश्चित होगा तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम में रही व्यापक भागीदारी
भूमि पूजन अवसर पर ब्लॉक प्रमुख श्रीकांत त्यागी, देवेंद्र रावत, राजू लवानिया, राजीव जैन, मातेंद्र धाकरे, प्रधान डॉ. गंभीर सिंह, विजयपाल सिंह, अजय चाहर, पवन सिकरवार, लालू भइया, प्रधान मुन्ना, संजय चाहर, अनिल चाहर, सतेंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर प्रसन्नता व्यक्त की।
- यूपी डीजीपी का रिपोर्ट कार्ड: अपराध में कमी और साइबर ठगी पर बड़ी चोट, एक साल की प्रमुख उपलब्धियां - June 1, 2026
- नीट परीक्षा विवाद: ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के संस्थापक अभिजीत दिपके का ऐलान, 6 जून को दिल्ली में करेंगे प्रदर्शन - June 1, 2026
- सूर्या हत्याकांड पर सीएम योगी का सख्त रुख: ‘दोस्ती की आड़ में छुरेबाजी मंजूर नहीं, नालायक औलाद को संभालें अभिभावक’ - June 1, 2026