Agra News: विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान; डीएम ने बूथों का किया निरीक्षण, मतदाताओं से फॉर्म-6 भरने की अपील

स्थानीय समाचार

आगरा: जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत विधानसभा क्षेत्र 90-आगरा ग्रामीण (बमरौली कटारा) में मतदान केंद्र संख्या 431, 432 सहित विभिन्न बूथों का निरीक्षण एवं सत्यापन किया। इस दौरान उन्होंने बूथों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं की जांच की और मतदाता सूची से संबंधित कार्यवाही का अवलोकन किया।

जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने नागरिकों से अपील की कि वे डिक्लरेशन के साथ फॉर्म-6 भरकर अपना नाम मतदाता सूची में शामिल कराएं, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रह जाए।

10:30 से 4:30 बजे तक चला विशेष अभियान

मतदाताओं की सुविधा के लिए रविवार को जनपद के सभी बूथों पर सुबह 10:30 बजे से सायं 04:30 बजे तक विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान बूथ लेवल अधिकारी (BLO) अपने-अपने मतदान स्थलों पर उपस्थित रहे और प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची/ड्राफ्ट रोल को मतदाताओं के समक्ष पढ़कर सुनाया गया।

बीएलओ द्वारा ऐसे मतदाताओं के नाम भी पढ़कर सुनाए गए जो मृतक, अनुपस्थित, स्थानांतरित, दोहरी प्रविष्टि या गणना प्रपत्र हस्ताक्षर कर वापस न देने जैसी वजहों से ड्राफ्ट रोल में शामिल नहीं किए गए हैं।

नाम जांचें, त्रुटि हो तो कराएं सुधार

जिलाधिकारी ने कहा कि सभी मतदाता अपने बूथ पर जाकर 06 जनवरी को प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें। यदि किसी मतदाता का नाम सूची में नहीं है, तो वह घोषणा पत्र के साथ फॉर्म-6 भरकर अपने बीएलओ को उपलब्ध करा सकता है।

उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में दर्ज प्रविष्टि में किसी प्रकार की त्रुटि सुधार के लिए फॉर्म-8 भरा जा सकता है। वहीं, स्थाई रूप से अन्यत्र चले गए या मृत मतदाताओं के नाम हटाने हेतु फॉर्म-7 की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।

ऑनलाइन आवेदन व हेल्पलाइन सुविधा

मतदाता ECINET या voters.eci.gov.in पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है।

जिलाधिकारी ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग की मंशा है कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से बाहर न रहे। लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है।

6 जनवरी से 6 फरवरी तक दावे व आपत्तियां

उन्होंने जानकारी दी कि 06 जनवरी 2026 से 06 फरवरी 2026 तक सभी बूथों पर दावे व आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी।

विशेष अभियान की तिथियां घोषित

विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत आयोग द्वारा तीन विशेष अभियान तिथियां निर्धारित की गई हैं—

18 जनवरी 2026 (रविवार)
31 जनवरी 2026 (शनिवार)
01 फरवरी 2026 (रविवार)

इन तिथियों में सभी बीएलओ अपने बूथों पर मतदाता सूची के साथ उपस्थित रहेंगे और नागरिकों को निःशुल्क नाम जांचने एवं आवश्यक प्रपत्र भरने की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

मतदाता ceouttarpradesh.nic.in पर “Search Your Name Electoral Roll” विकल्प के माध्यम से भी अपने विवरण की पुष्टि कर सकते हैं। इसके साथ ही Voter Helpline App डाउनलोड कर ऑनलाइन सेवाएं प्राप्त की जा सकती हैं।

Dr. Bhanu Pratap Singh