आगरा। सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए आगरा जिले के नगला मोहना, बीसलपुर निवासी और मैनपुरी पुलिस लाइन में तैनात हेड कांस्टेबल रवि कुमार का निधन हो गया। 14 अगस्त को अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल होने के बाद उनका इलाज करीब 18 दिन तक जयपुर के एक निजी अस्पताल में चला, लेकिन 3 सितंबर की सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया। उनके निधन से न केवल परिवार पर बल्कि पूरे गांव और पुलिस परिवार पर शोक की लहर छा गई।
मैनपुरी पुलिस लाइन में तैनात हेड कांस्टेबल रवि कुमार पुत्र राजवीर सिंह रावत एडवोकेट निवासी नगला मोहना, बीसलपुर का सड़क दुर्घटना में गंभीर घायल हो गये थे। यह दुर्घटना विगत 14 अगस्त तब हुई जब वह कागारौल से लौटते समय गढ़मुक्खा मोड़ के पास प्रभा वाटिका मैरिज होम के सामने पहुंचे ही थे कि एक अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं और ब्रेन हेमरेज हो गया।
परिजन रवि कुमार को तुरंत जयपुर के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उनका इलाज चलता रहा। करीब 18 दिनों तक वह जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करते रहे, लेकिन अंततः 3 सितंबर की सुबह उनका निधन हो गया।
रवि कुमार अपने पीछे गमगीन परिवार छोड़ गए हैं। उनके तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं। बड़ी बेटी 9 साल की, दूसरी बेटी 7 साल की और छोटा बेटा मात्र 4 साल का है। परिवार के इन मासूम बच्चों पर अब दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
जैसे ही उनके निधन की खबर गांव पहुंची, वहां मातम छा गया। 3 सितंबर की रात 9 बजे नगला मोहना गांव में ही उनका अंतिम संस्कार किया गया। पुलिस की गारद ने सलामी देकर अपने साथी को श्रद्धांजलि दी।
अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में ग्रामीण, एसीपी सुकन्या शर्मा, थाना कागारौल प्रभारी अंकुर मलिक सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। राष्ट्रीय लोकदल के वरिष्ठ नेता कप्तान सिंह चाहर ने भी शोक व्यक्त करते हुए कहा कि रवि कुमार बेहद व्यवहारिक और होनहार नौजवान थे।
- दिल्ली पुलिस के ‘पीस बॉन्ड’ नोटिस के खिलाफ हाईकोर्ट पहुंचीं AISA अध्यक्ष नेहा बोरा: CEC के खिलाफ प्रदर्शनों के बीच तत्काल सुनवाई की मांग - October 19, 2026
- CJP के विरोध प्रदर्शन के बीच केंद्र सरकार ने Meta को दिया कंटेंट रिकमेंडेशन सिस्टम और एल्गोरिदम ठीक करने का निर्देश - October 19, 2026
- आगरा श्रीरामलीला महोत्सव: “रणभूमि में मेघनाद का अंत; लक्ष्मण के प्रहार से धड़ाम गिरा रावण का पुत्र, गूंज उठे ‘जय श्रीराम’ के जयघोष” - October 19, 2026