आगरा। कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी के इलाज में अब आगरा भी देश के अग्रणी शहरों की कतार में शामिल हो गया है। एसएन मेडिकल कॉलेज के रेडिएशन ऑन्कोलॉजी विभाग में अत्याधुनिक स्टीरियोटैक्टिक रेडियोथेरेपी तकनीक (एसआरटी) से कैंसर का सफल इलाज किया जा रहा है। प्रदेश में यह सुविधा अभी तक केवल एसजीपीजीआई लखनऊ में थी, लेकिन अब आगरा के कैंसर मरीजों को इलाज के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा।
सोमवार को एसएन मेडिकल कॉलेज में 32 वर्षीय ब्रेन ट्यूमर पीड़ित मरीज को पहली बार एसआरटी तकनीक से रेडियोथेरेपी दी गई। ये थेरेपी हाई प्रिसीजन से प्रभावित हिस्से पर काम करती है, जिससे स्वस्थ ऊतक सुरक्षित रहते हैं और इलाज अधिक प्रभावी बनता है।
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने बताया कि यह सुविधा प्रधानमंत्री स्वास्थ्य सुरक्षा योजना के अंतर्गत पांच फरवरी 2025 से शुरू की गई थी। इसके तहत कॉलेज में इलेक्टा वर्सा एचडी लीनियर एक्सीलेटर मशीन लगाई गई है, जो विश्वस्तरीय स्तर की रेडियोथेरेपी प्रदान कर रही है।
रेडिएशन ऑन्कोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. अशोक आर्या ने बताया कि अब तक कुल 79 कैंसर मरीजों को इस अत्याधुनिक मशीन से रेडियोथेरेपी दी जा चुकी है और परिणाम अत्यंत संतोषजनक रहे हैं। विभाग नियमित रूप से मरीजों को इस सुविधा का लाभ दे रहा है।
इस उपलब्धि के पीछे एक समर्पित टीम की मेहनत है। प्रो. डॉ. सुरभि गुप्ता के निर्देशन में रेडिएशन प्रक्रिया को अंजाम दिया गया। मेडिकल फिजिक्स टीम का नेतृत्व डॉ. विंध्यवासिनी पांडेय ने किया, जबकि टेक्निशियन टीम को संजय सिंह राठौड़ ने समन्वित किया। टीम में डॉ. अजय श्रीवास्तव, विकास, प्रांजल, डॉ. विकास गुप्ता, डॉ. ऐशना, डॉ. ज़रीन, प्रबंध कुमार और सुतीर्थ कुमार ने भी महत्त्वपूर्ण योगदान दिया।
एसएन मेडिकल कॉलेज में यह सुविधा न सिर्फ आगरा में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की शुरुआत है बल्कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लाखों कैंसर मरीजों के लिए नई उम्मीद की किरण है।
- आगरा रामलीला महोत्सव: राम-रावण युद्ध देखने उमड़ा भारी जनसैलाब, दो घंटे तक चली शानदार आतिशबाजी से जगमगाया आसमान, गूंजे ‘जय श्रीराम’ के जयघोष - October 21, 2026
- आस्था, संस्कृति और सामाजिक समरसता का अद्भुत संगम: वृद्धजनों और समाजसेवियों के सम्मान के साथ हुआ आगरा के ऐतिहासिक दशहरा मेले का समापन - October 21, 2026
- श्री मनःकामेश्वर रामलीला महोत्सव में राम-रावण युद्ध और रावण वध का भव्य मंचन: “अधर्म पर धर्म की विजय” के जयकारों से गूंजी रणभूमि - October 21, 2026