त्रैमासिक निःशुल्क होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर में 300 से अधिक बच्चों का हुआ उपचार, तीन माह की दवाइयां भी वितरित
आगरा। सेवा और समर्पण का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत करते हुए श्री गिरिराज जी सेवक मंडल परिवार, आगरा द्वारा रे-ऑफ होम्योपैथिक वेलफेयर सोसाइटी के सहयोग से रविवार को बल्केश्वर स्थित श्री गणेश राम नागर सरस्वती शिशु बालिका विद्या मंदिर में त्रैमासिक निःशुल्क होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया।
पिछले आठ वर्षों से निरंतर संचालित इस सेवा अभियान के माध्यम से शारीरिक एवं मानसिक रूप से विशेष बच्चों को निःशुल्क उपचार, परामर्श और नई आशा प्रदान की जा रही है। शिविर में इस बार 300 से अधिक बच्चों का परीक्षण कर तीन माह की निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं।
शिविर में मानसिक पक्षाघात, शारीरिक पक्षाघात, अनुवांशिक रोग, भेंगापन, अविकसित बच्चे, डीएमडी, उदंड व्यवहार, अंधापन तथा बहरापन जैसी विभिन्न समस्याओं से पीड़ित बच्चों का विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा परीक्षण किया गया। प्रत्येक बच्चे की स्वास्थ्य स्थिति के अनुरूप उपचार एवं परामर्श प्रदान किया गया तथा तीन माह की होम्योपैथिक दवाइयां निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं।
सभी मरीजों एवं उनके परिजनों के लिए श्री गिरिराज जी सेवक मंडल परिवार द्वारा भोजन की भी व्यवस्था की गई। संस्था के सदस्यों अजय गोयल, श्याम सुंदर माहेश्वरी और पवन कुमार अग्रवाल ने बताया कि शिविर में डॉ. शिव शंकर मीतवार, डॉ. नितिन वर्मा, डॉ भूपेंद्र, डॉ. अंकित त्यागी, डॉ. ललित गोला, डॉ. रोहित वर्मा, डॉ. गौरव, डॉ. प्रतिभा शर्मा, डॉक्टर शुभम, डॉ. शुभम, डॉ. श्रुति तथा डॉ. वसुंधरा सहित 80 सदस्यीय चिकित्सक टीम ने अपनी सेवाएं प्रदान करते हुए मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया, आवश्यक परामर्श दिया तथा तीन माह की निःशुल्क दवाइयां वितरित कीं।
उन्होंने बताया कि यह सेवा कार्य निरंतर जारी रहेगा और अगला निःशुल्क होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर 11 अक्टूबर 2026 को आयोजित किया जाएगा, जिसमें भी विशेष बच्चों को विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।
इस अवसर पर संस्था के मनोज कुमार गर्ग, नीरज कुमार अग्रवाल, मनीष गोयल आदि उपस्थित रहे।
- Agra News: उम्मीद की किरण बना ‘श्री गिरिराज जी सेवक मंडल’, विशेष बच्चों के लिए आयोजित शिविर में 300 से अधिक का हुआ उपचार - July 12, 2026
- एमएलसी विजय शिवहरे का जन्मदिवस बना ‘जनकल्याण पर्व’: 11 करोड़ की विकास योजनाओं का हुआ लोकार्पण - July 12, 2026
- आगरा में साइबर पुलिस का ‘जीरो टॉलरेंस’ एक्शन: चाइल्ड पोर्नोग्राफी मामले में बाह निवासी युवक पर FIR - July 12, 2026