‘प्रदेश के लिए गर्व का क्षण’ — समाज कल्याण राज्य मंत्री असीम अरुण
आगरा। कोलंबो में आयोजित वर्ल्ड पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप 2025 में आगरा के जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय, इटौरा ने देश का मान बढ़ाते हुए ऐतिहासिक प्रदर्शन किया। विद्यालय के व्यायाम शिक्षक हरीश चंद्र ने 77 किग्रा भार वर्ग में गोल्ड मेडल, जबकि कक्षा 11 के छात्र रमन कुमार ने 56 किग्रा भार वर्ग में सिल्वर मेडल जीतकर भारत को अंतरराष्ट्रीय मंच पर गौरवान्वित किया।
इस उपलब्धि ने न सिर्फ विद्यालय और आगरा का बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। चैंपियनशिप में दुनिया के 40 से अधिक देशों के खिलाड़ी शामिल हुए, जिनमें से सर्वोदय विद्यालय के इन दोनों प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने अपने दमदार प्रदर्शन से सभी का ध्यान खींचा।
राष्ट्रीय प्रदर्शन का मिला अंतरराष्ट्रीय सम्मान
दोनों खिलाड़ियों का चयन हाल ही में गुजरात में आयोजित राष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर हुआ था।
रमन कुमार ने मैसाना में सब-जूनियर 56 किग्रा वर्ग में गोल्ड जीता था।
हरीश चंद्र ने सूरत में सीनियर 77 किग्रा वर्ग में गोल्ड के साथ डेडलिफ्ट में राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी बनाया था।
दोनों खिलाड़ी 26 नवंबर को कोलंबो के लिए रवाना हुए थे, जहां उन्होंने विश्व चैंपियनशिप में अपने कौशल का बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पदक अपने नाम किए।
सरकार ने उपलब्धि को बताया गौरव का विषय
समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा, “कोलंबो में मिली यह ऐतिहासिक सफलता प्रदेश के लिए गर्व का क्षण है। सर्वोदय विद्यालय के शिक्षक व छात्र ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर जो प्रदर्शन किया है, वह आने वाली पीढ़ी के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक है।”
समाज कल्याण विभाग के उपनिदेशक एवं योजनाधिकारी जे. राम ने भी इस उपलब्धि को विद्यालय की खेल-उन्मुख कार्यशैली का परिणाम बताया और कहा कि इससे भविष्य में और भी अंतरराष्ट्रीय चैंपियनों के निकलने की उम्मीद मजबूत हुई है।
सर्वोदय विद्यालय इटौरा लगातार खेल प्रतिभाओं को मंच देता रहा है, और इस बार विद्यालय ने विश्व स्तर पर अपनी पहचान दर्ज कराकर यह साबित कर दिया कि संसाधनों से अधिक महत्वपूर्ण संकल्प और समर्पण होता है।
- कोलकाता में दुर्गा पूजा पंडाल में भीषण भगदड़; 17 श्रद्धालुओं की मौत और 40 से अधिक घायल, पीएम मोदी ने जताया गहरा दुख - October 17, 2026
- Agra News: शराब पीने का विरोध करने पर पति ने की पत्नी की निर्मम हत्या; बेरहमी से पीटने के बाद रस्सी से घोंटा गला, आरोपी फरार - October 17, 2026
- आगरा में ताजमहल के पूर्वी गेट क्षेत्र के पास मारपीट: येलो जोन में पाठक प्रेस बैरियर के पास भिड़े लोग, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल - October 17, 2026