Agra News: कविता, चित्र और संस्कृति के माध्यम से पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का स्मरण: नगर निगम में युवाओं संग गूंजे राष्ट्रनिर्माण के संदेश

PRESS RELEASE

आगरा। भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर नगर निगम आगरा द्वारा मंगलवार को नगर निगम परिसर में काव्य पाठ, चित्रकला प्रतियोगिता और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य अटल जी के विचारों को जनमानस तक पहुंचाते हुए युवाओं को नवाचार, स्वच्छता और राष्ट्रनिर्माण के लिए प्रेरित करना रहा। आयोजन में विद्यार्थियों, युवाओं, साहित्यकारों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की सक्रिय सहभागिता देखने को मिली।

कार्यक्रम की आयोजक महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह रहीं। मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश महामंत्री रामप्रताप सिंह चौहान तथा विशिष्ट अतिथि भाजपा बृज क्षेत्र कोषाध्यक्ष वीरेंद्र अग्रवाल उपस्थित रहे। महापौर ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए आयोजन की रूपरेखा प्रस्तुत की।

अपने संबोधन में महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी किसी एक राजनीतिक दल तक सीमित नहीं थे, बल्कि वे पूरे देश के आदर्श व्यक्तित्व हैं। उनके विचार, कविताएं और संवाद शैली आज भी युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उन्होंने युवाओं से नरेंद्र मोदी के विकसित भारत मिशन को साकार करने के लिए नवाचार और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया और इसमें नगर निगम के पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

महापौर ने स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) और ज़ीरो वेस्ट की आवश्यकता पर विशेष बल देते हुए नागरिकों से सिंगल यूज प्लास्टिक का न्यूनतम उपयोग, गीले-सूखे कचरे का पृथक्करण और नगर निगम की वेस्ट मैनेजमेंट व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि अटल जी का संदेश—“सबको साथ लेकर चलना”—आज भी उतना ही प्रासंगिक है।

उन्होंने अटल जी से जुड़े आगरा के संस्मरण साझा करते हुए बताया कि उन्हें आगरा का स्वाद, स्वभाव और अपनापन बेहद प्रिय था। आगरा की बेड़ई उन्हें विशेष रूप से पसंद थी। सादगी, आत्मीयता और कार्यकर्ताओं से व्यक्तिगत जुड़ाव उनके व्यक्तित्व की पहचान थी।

मुख्य अतिथि रामप्रताप सिंह चौहान ने कहा कि अटल जी ने कश्मीर, पोखरण और विदेश नीति जैसे संवेदनशील विषयों पर साहसिक निर्णय लेकर भारत को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाई। उनका राष्ट्रप्रेम और दूरदर्शी नेतृत्व सदैव प्रेरणादायी रहेगा।

कार्यक्रम का केंद्रीय उद्देश्य स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 के अंतर्गत स्वच्छता, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और ज़ीरो वेस्ट की अवधारणा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना रहा। बच्चों की चित्रकला और काव्य पाठ में स्वच्छ, हरित और प्लास्टिक-मुक्त आगरा की सशक्त कल्पना उभरकर सामने आई।

काव्य पाठ सत्र में डॉ. ज्योत्स्ना शर्मा सहित स्थानीय और आमंत्रित कवियों ने अटल जी के व्यक्तित्व-कृतित्व, स्वच्छता और राष्ट्रनिर्माण पर केंद्रित रचनाएं प्रस्तुत कीं। चित्रकला प्रतियोगिता में “स्वच्छ आगरा”, “कचरे से कंचन” और “ज़ीरो वेस्ट मार्केट” जैसे विषयों पर आधारित चित्रों की प्रदर्शनी ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।

कार्यक्रम में नगर निगम आगरा की 5आर पहल—रिड्यूस, री-यूज़, रीसायकल, रीपरपज़, रिफ्यूज़—और ज़ीरो वेस्ट मार्केट जैसे नवाचारों की जानकारी दी गई। साथ ही उपयोग में लाए गए फ्लेक्स और बैनरों को पुनःउपयोग के लिए स्वयं सहायता समूहों को सौंपने की घोषणा भी की गई।

समापन सत्र में विजेता प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र और स्मृति-चिह्न प्रदान किए गए तथा सभी से अपने-अपने वार्डों में स्वच्छता दूत बनकर जागरूकता फैलाने का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम में भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, विधायक डॉ. जी.एस. धर्मेश, एमएलसी विजय शिवहरे, नगर निगम के पार्षदगण एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। संचालन भाजयुमो ब्रज क्षेत्र मंत्री गौरव राजावत और भाजयुमो महानगर अध्यक्ष शैलू पंडित ने किया।

Dr. Bhanu Pratap Singh