आगरा। राधाबल्लभ पब्लिक स्कूल प्रबंध समिति द्वारा रविवार को आयोजित कार्यक्रम में अमर विहार, दयालबाग स्थित राधाबल्लभ पब्लिक स्कूल में कविता के संग, होली के रंग खूब बिखरे।
समारोह के अध्यक्ष सेवानिवृत्त पुलिस उप महानिरीक्षक वीके अग्रवाल ने दीप जलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। वरिष्ठ गीतकार डॉ. केशव शर्मा की सरस्वती वंदना ने सबको भाव विभोर कर दिया।
मुख्य अतिथि, जाने माने व्यंग्यकार मंजुल मयंक (फिरोजाबाद) और वरिष्ठ कवि रमेश पंडित के व्यंग्य भी सीधे दिल में उतर गए। सुमधुर गीतकार डॉ. राघवेन्द्र शर्मा ने होली का रंग कुछ इस तरह घोला कि सब वाह वाह कर उठे, “तुम्हारे भाल का चन्दन हमारे माथे की रोली। अगर मिल जायें आपस में तो समझो हो गई होली..।”
सुमधुर गीतकार डॉ. केशव शर्मा के इस ब्रजभाषा गीत में सब मगन हो गए- “फागुन के रंगन में, देखि तोरे अंगन में। जोबन की कैसी है, बहार देखि गुरिया..।”
नूतन अग्रवाल ‘ज्योति’ ने ब्रजभाषा के इस रंग को और भी चटख कर दिया- ” नैनन में रंग भर के लायो, रंगबे की मोय ठानी। रंग दई मोरी कोरी चुंदरिया, करी लाज ते पानी..”
रीता शर्मा ने रंग बदलती दुनिया पर तंज कसा- ” ये रंगों की दुनिया है साहब! रंग पल-पल, हर पल रंग बदलता है..”
पूजा प्रियल ने मां के प्रति अपने भाव सुमन अर्पित किए- “मां तुम्हारे बाद मुझको कुछ नहीं भाया। बाद तेरे फिर कोई त्यौहार न आया..”
भोलू भूषण रागी, हरीश अग्रवाल ‘ढपोरशंख’, डॉ. अनार सिंह ‘अग्र’, डॉ. सुनीता चौहान, डॉ. मनिंदर कौर, अंजू दयालानी, संगीता अग्रवाल, डॉ. रेखा गौतम, मोनिका अग्रवाल और वीना श्रीवास्तव की काव्य- रचनाओं ने भी सबको भाव विभोर कर दिया।
कार्यक्रम का संयोजन व संचालन कुमार ललित ने किया। कोषाध्यक्ष श्रीकृष्ण स्वरूप दुबे और प्रधानाचार्य पंकज शर्मा ने सभी का स्वागत किया। सह संयोजक मोनिका अग्रवाल ने आभार व्यक्त किया।
- अमरनाथ यात्रा में भक्तों को बड़ा झटका: महज 5 दिनों में अंतर्ध्यान हुए बाबा बर्फानी, श्राइन बोर्ड की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल - July 7, 2026
- काशी में राजनीतिक दिग्गजों का जमावड़ा: मंत्री दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ के बेटे की शादी में पहुंचे CM योगी, नवदंपति को दिया आशीर्वाद - July 7, 2026
- वाराणसी में सीएम योगी का बड़ा ऐलान: श्रावण मास में काशीवासियों के लिए बनेगा अलग दर्शन मार्ग, सुरक्षा और विकास कार्यों पर दिए सख्त निर्देश - July 7, 2026