-टूंडला के भाजपा विधायक बोले-अड़चनें दूर कराने को मुख्यमंत्री से मिलवाउंगा
-सपा नेता महाराज सिंह बोले- सपा की सरकार आते ही हर जाति में सर्टिफिकेट होगा
-डीएम को अल्टीमेटम देंगे, फिर भी सर्टिफिकेट न मिले तो फिर तो आंदोलन- नरेंद्र बघेल
आगरा: अनुसूचित जाति के प्रमाण पत्र न बनने को लेकर धनगर समाज ने एक बार फिर अंगड़ाई ली है। रविवार को बुलाई गई एक बैठक में यह सवाल उठाया गया कि जब आगरा के सांसद धनगर समाज से हैं तो फिर समाज के दूसरे लोगों के प्रमाण पत्र प्रशासन क्यों नहीं जारी कर रहा।
इसी मुद्दे को लेकर खंदारी में हुई इस बैठक में भाजपा, राष्ट्रीय लोकदल और समाजवादी पार्टी के नेता भी पहुंचे। टूंडला के भाजपा विधायक प्रेमपाल धनगर ने धनगर समाज के अनुसूचित जाति के प्रमाण पत्र के सवाल पर कहा कि हमारी सरकार धनगरों के जाति प्रमाण पत्र बनाने के लिए तैयार है। जो भी बाधाएं आ रही हैं, उसके लिए मैं आपकी (समाज के प्रमुख लोग) मुलाकात मुख्यमंत्री से कराऊंगा।
टूंडला के भाजपा विधायक की बात सुनने के बाद समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव महाराज सिंह धनगर ने कहा कि धनगर समाज के प्रमाण पत्र बनने में आज जो समस्या आ रही है, समाजवादी पार्टी की सरकार बनने के बाद समाज के हर व्यक्ति के हाथ में धनगर जाति प्रमाण पत्र होगा। यह हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का धनगर समाज के प्रति वायदा है।
राष्ट्रीय लोकदल के उपाध्यक्ष नरेंद्र धनगर ने सुझाव रखा कि कि समाज का एक प्रतिनिधिमंडल जल्द आगरा के जिलाधिकारी से मुलाकात कर उन्हें एक समयावधि का अल्टीमेटम दे। इस अवधि के बाद भी धनगर जाति प्रमाण पत्र बनने शुरू न होने पर समाज आंदोलन का रास्ता अपनाए।
धनगर समाज के जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह धनगर ने तो यहां तक कह दिया कि जब आगरा के सांसद प्रो. एसपी सिंह बघेल धनगर समाज से ही हैं, तो फिर आगरा के धनगर समाज के दूसरे लोगों को धनगर जाति प्रमाण पत्र क्यों नहीं जारी हो रहे। जब देश एक विधान और एक संविधान से चल रहा है तो समाज के लोगों के साथ प्रशासन का यह दोहरा रवैया क्यों है।
शिव सिंह धनगर की अध्यक्षता में हुई इस बैठक के प्रारंभ में मातेश्वरी अहिल्याबाई होल्कर के चित्र पर विधायक प्रेमपाल धनगर, रालोद नेता नरेंद्र धनगर और सपा नेता महाराज सिंह धनगर ने माल्यार्पण किया।
इस बैठक में शिव सिंह बघेल, अशोक होल्कर, लाखन बघेल, गौरव बघेल, अशोक बघेल, प्रदीप बघेल, विनय परिहार, राजेश बघेल, बीधाराम धनगर, प्यारेलाल बघेल, नरेश धनगर, हेत सिंह बघेल, पूरन सिंह, रंजीत सिंह आदि की मौजूदगी खास थी।
Discover more from Up18 News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
- आगरा में अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी का भंडाफोड़, क्रेटों के नीचे कट्टों में छिपाकर की जा रही थी तस्करी, पुलिस ने कैंटर से पकड़ा 51 लाख का 101 किलो गांजा - August 22, 2026
- एसजीपीजीआई लखनऊ की टीम ने परखीं व्यवस्थाएं: कल आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में होगा ताजनगरी का पहला किडनी ट्रांसप्लांट - August 21, 2026
- आगरा में ज्वैलर्स ठगी का सनसनीखेज खुलासा: पुराने आभूषण खरीदने के बहाने सोने के कंगन लेकर भागे तीन शातिर गिरफ्तार - August 21, 2026