खसरा संख्या 126 व 127 की भूमि को लेकर कमिश्नरेट पहुंचा मामला
केशव धाकड़े व अन्य 20-25 लोगों पर बाउंड्री तोड़ने का आरोप
सुरक्षा कर्मियों से मारपीट और धमकी देने की शिकायत
थाना बमरौली कटारा पुलिस की भूमिका पर भी उठाए सवाल
पुलिस आयुक्त से निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग
आगरा। थाना बमरौली कटारा क्षेत्र स्थित मौजा एत्मादपुर मदरा की खसरा संख्या 126 व 127 की भूमि को लेकर विवाद ने नया मोड़ ले लिया है। एक कारोबारी ने पुलिस आयुक्त आगरा को शिकायती पत्र देकर गोयल ग्लास वेयर प्रा. लि. के निदेशक नितिन अग्रवाल, नितेश कुमार अग्रवाल, केशव धाकड़े, करन तोमर, रामेश्वर पूर्व प्रधान ग्राम महल समेत अन्य लोगों पर जमीन पर कब्जे का प्रयास करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
शिकायतकर्ता का कहना है कि वह पिछले करीब 20 वर्षों से उक्त भूमि का स्वामी है तथा भूमि पर उसकी ओर से खेती कराई जाती है। आरोप है कि नामजद लोग कथित रूप से भूमि पर कब्जा करने की नीयत से लगातार दबाव बना रहे हैं। शिकायत के अनुसार 25 जून की सुबह करीब 4:30 बजे केशव धाकड़े और उसके साथ 20 से 25 लोग भूमि पर पहुंचे और सुरक्षा कर्मियों के साथ अभद्रता व मारपीट करते हुए बाउंड्रीवाल को क्षतिग्रस्त कर दिया।
शिकायतकर्ता ने दावा किया है कि इससे पहले भी 5 जून, 13 जून और 15 जून को इसी प्रकार की घटनाएं हुई थीं, जिनकी शिकायत संबंधित पुलिस अधिकारियों, यूपी-112 और थाना बमरौली कटारा पुलिस से की गई थी। बावजूद इसके कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया गया है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि 23 जून को कुछ पुलिसकर्मी भूमि पर पहुंचे और वहां तैनात सुरक्षा कर्मियों को कथित रूप से धमकाया गया।
कारोबारी ने पुलिस आयुक्त को दिए गए प्रार्थना पत्र में थाना बमरौली कटारा पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। शिकायतकर्ता का दावा है कि उसके पास कुछ घटनाओं से संबंधित वीडियो साक्ष्य भी मौजूद हैं, जिन्हें जांच में प्रस्तुत किया जा सकता है।
मामले में पुलिस आयुक्त कार्यालय से जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने की जानकारी सामने आई है। वहीं समाचार लिखे जाने तक आरोपित पक्ष की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हो सकी थी। पुलिस जांच के बाद ही पूरे प्रकरण की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
रिपोर्टर- JP सिंह विशेष संवाददाता
- आगरा छावनी विधायक डॉ. जी.एस. धर्मेश के जन्मदिन पर भव्य आयोजन, सुंदरकांड पाठ और सेवा कार्यों से मनाई वर्षगांठ - July 15, 2026
- एटा: 9 फीट लंबा मगरमच्छ पहुँचा गाँव की गलियों में, दहशत के बीच वाइल्डलाइफ़ SOS ने किया सुरक्षित रेस्क्यू - July 15, 2026
- आगरा में युवक को रस्सियों से बांधकर बेरहमी से पीटा, वीडियो वायरल होने के बाद मचा हड़कंप, जांच में जुटी पुलिस - July 15, 2026