Agra News: थाने से महज़ 250 मीटर दूर दबंगों का तांडव, छात्र की पिटाई, घरों पर पथराव और लहराया हथियार, सीसीटीवी फुटेज वायरल

Crime

आगरा। शहर में कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली एक दुस्साहसिक वारदात ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। थाना ट्रांस यमुना से महज़ 250 मीटर की दूरी पर कुछ दबंग युवकों ने खुलेआम तांडव मचाया। उन्होंने एक छात्र की बीच सड़क पर पिटाई की, घरों पर पथराव किया और पिस्टल लहराते हुए फायरिंग की कोशिश की। पूरी वारदात का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश दोनों का माहौल है।

घटना रविवार शाम ट्रांस यमुना क्षेत्र के कीर्ति विहार की है। जानकारी के मुताबिक, एक छात्र कोचिंग क्लास के लिए घर से निकला ही था कि मोहल्ले के कुछ दबंग युवकों ने उसे रोक लिया। मामूली बात पर शुरू हुई कहासुनी इतनी बढ़ गई कि आरोपियों ने छात्र को बेहद बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया।

छात्र के शोर मचाने पर जब परिजन बचाने पहुंचे, तो दबंगों ने उन्हें भी निशाना बना लिया। महिलाओं और बुजुर्गों तक को नहीं छोड़ा गया। इसके बाद आरोपियों ने मोहल्ले के कई घरों पर जमकर पथराव किया। सीसीटीवी फुटेज में एक युवक हाथ में पिस्टल लहराते हुए और फायरिंग की कोशिश करते हुए साफ दिखाई दे रहा है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि युवक के पास जो पिस्टल थी, वह उसके फौजी पिता की रिवॉल्वर थी। पथराव के दौरान एक महिला के सिर में गंभीर चोट आई है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक सभी आरोपी मौके से फरार हो चुके थे। हैरानी की बात यह है कि यह पूरी वारदात थाना ट्रांस यमुना से कुछ ही दूरी पर हुई, बावजूद इसके गुंडे बेधड़क तांडव मचाते रहे।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना में शामिल दोनों पक्षों की ओर से मुकदमा दर्ज किया गया है। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और बाकी की पहचान सीसीटीवी फुटेज के आधार पर की जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपियों को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है, जिसके चलते वे लंबे समय से इलाके में दबंगई और उत्पात मचा रहे हैं। फिलहाल क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात है और माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है।

यह वारदात न केवल कानून व्यवस्था की पोल खोलती है, बल्कि यह भी दिखाती है कि पुलिस स्टेशन के नजदीक भी अपराधी कितने बेखौफ हैं।

Dr. Bhanu Pratap Singh