आगरा। श्री गिरिराज जी सेवा मंडल, आगरा द्वारा आयोजित दिव्य छप्पन भोग महोत्सव के प्रथम दिवस गोवर्धन धाम में भक्ति, श्रद्धा और अलौकिक आस्था का अनुपम संगम देखने को मिला। रविवार को वैदिक मंत्रोच्चार के मध्य स्वर्ण जड़ित शंख से संपन्न भव्य गोविंद अभिषेक तथा उसके पश्चात दुग्ध धाराओं के साथ आयोजित विराट परिक्रमा ने हजारों श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। जयकारों से गोवर्धन धाम भक्ति के महासागर में परिवर्तित हो गया।
प्रातःकाल हरिओम महाराज के सानिध्य में 11 ब्राह्मणों द्वारा विधिविधान से गोविंद अभिषेक कराया गया। स्वर्ण जड़ित शंख से दुग्ध की सप्तधाराएं, 21 प्रकार के रस, गोवर्धन धाम के विभिन्न कुंडों का पावन जल, पंचामृत, केसर मिश्रित जल एवं सुगंधित इत्र अर्पित किए गए। अभिषेक के उपरांत प्रभु को माखन-मिश्री एवं तुलसी दल सहित विशेष भोग समर्पित किया गया।
इसके बाद दुग्ध धाराओं के साथ विराट परिक्रमा का विधिवत शुभारंभ हुआ। परिक्रमा का पूजन संस्थापक नितेश अग्रवाल, सह-संस्थापक मयंक अग्रवाल, संरक्षक महंत कपिल नागर, अध्यक्ष अजय सिंघल, महामंत्री विजय अग्रवाल एवं कोषाध्यक्ष विशाल बंसल द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
परिक्रमा के दौरान गिरिराज महाराज डोले पर विराजमान रहे, जिसे भक्तों ने अपने हाथों से खींचा। चांदी के पात्र से निरंतर दुग्ध धाराएं अर्पित होती रहीं। बैंड-बाजे, भजन मंडलियां और श्रद्धालुओं के जयघोषों से परिक्रमा मार्ग पूर्णतः भक्ति के रंग में रंग गया। सुमधुर भजनों पर श्रद्धालु नृत्य और कीर्तन में लीन दिखाई दिए।
इस अवसर पर संस्थापक नितेश अग्रवाल ने कहा कि गोविंद अभिषेक और विराट परिक्रमा गिरिराज महाराज की सेवा का सर्वोच्च स्वरूप हैं। कार्यक्रम में सह-संस्थापक मयंक अग्रवाल, संरक्षक महंत कपिल नागर, अध्यक्ष अजय सिंघल, परिक्रमा संयोजक अमित पाराशर, अजय सिंघल एवं अमित अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
गोविंद अभिषेक एवं विराट परिक्रमा के साथ छप्पन भोग महोत्सव ने भक्ति की नई ऊंचाइयों को स्पर्श किया। गोवर्धन धाम देर तक भजन, कीर्तन और जयकारों से गूंजता रहा तथा श्रद्धालु गिरिराज महाराज की कृपा में डूबे दिखाई दिए।
महोत्सव के दूसरे दिन सोमवार को विशेष स्पेशल इफेक्ट्स के माध्यम से वैकुंठ लोक की भव्य झांकी सजाई जाएगी, जिसमें ठाकुर जी चलते हुए बादलों, गरजती बिजली और दिव्य प्रकाश के मध्य साक्षात् दर्शन देंगे।
प्रभु को दिव्य छप्पन भोग अर्पित किए जाएंगे तथा हजारों श्रद्धालुओं के लिए महा प्रसादी की व्यवस्था रहेगी। सायंकाल भजन संध्या में सुमधुर भजनों की अमृतवर्षा, चांदी के पात्र में अमृतुल्य दुग्ध अर्पण और अंत में शयन आरती के साथ महोत्सव का भावपूर्ण समापन होगा।
- 31 दिसंबर को जारी होगी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट, 1950 पर SMS भेजकर मिनटों में जांचें अपना नाम - December 30, 2025
- कार्यकर्ता भाई बड़ा दिल दिखाएं… प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के स्वागत मंच से गूंजा आग्रह, कार्यक्रम में मंडल महामंत्री के 50 हजार रुपये गायब - December 30, 2025
- श्री गिरिराज जी सेवा मंडल का छप्पन भोग महोत्सव नीले गगन तले सजी वैकुंठ-सी झांकी, स्वर्ण हंस रथ पर विराजे गिरिराज महाराज - December 29, 2025