आगरा। किरावली कस्बे के मोहल्ला व्यापारियान में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक ही समुदाय के दो गुटों मुस्तकीम और खलील पक्ष के बीच पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हिंसक टकराव में बदल गया। दोनों ओर से पत्थरबाजी और बोतलबाजी के चलते कई लोग घायल हो गए। झगड़े के दौरान मोहल्ले में अफरा-तफरी का माहौल बन गया, दुकानों के शटर गिरने लगे और लोग अपने घरों में दुबक गए।
पुलिस के अनुसार, मुस्तकीम और खलील पक्ष के बीच पुरानी रंजिश चली आ रही थी। सोमवार को एक मामूली कहासुनी ने अचानक बड़ा रूप ले लिया। देखते ही देखते दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पत्थर और कांच की बोतलें फेंकनी शुरू कर दीं। इस दौरान सड़क पर भगदड़ मच गई और कई लोग घायल हो गए।
सूचना मिलते ही किरावली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया लेकिन तनाव कम नहीं हुआ। आखिरकार पुलिस को कड़ाई दिखानी पड़ी, जिसके बाद दोनों गुट एक-दूसरे को धमकाते हुए मौके से भाग गए।
थाना पुलिस ने दोनों पक्षों के 24 लोगों को नामजद करते हुए 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने अब तक 6 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, मुस्तकीम पक्ष से नामजद आरोपी हैं- मुस्तकीम, सलीम उर्फ टाइगर, शरीफ, अनीस, बिलाल, समीर और दो अन्य, जबकि खलील पक्ष से खलील, भूरा, अंसो, सद्दाम, आरिफ, जरीफ, मौसम, मल्लन, बड्डी, शकील, सलमान, हाजी सुल्तान और तीन अन्य के नाम दर्ज हैं।
घटना के बाद से पूरे मोहल्ले में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। एहतियात के तौर पर मोहल्ला व्यापारियान में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। वरिष्ठ अधिकारी हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
- 200 साल पुराने श्री धनकामेश्वर मंदिर में सावन महोत्सव का भक्तिमय आगाज: सत्यनारायण कथा और महा रुद्राभिषेक से गूंजा मोती कटरा - August 2, 2026
- 108 रुद्राभिषेक के संकल्प के साथ श्री खाटू श्याम मंदिर में सावन महोत्सव की धूम, बाबा श्याम और महादेव के दिव्य श्रृंगार ने भक्तों को किया मंत्रमुग्ध - August 2, 2026
- पर्यावरण संरक्षण की मुहिम: लॉयंस क्लब फ्लेमिंगो ने हेरिटेज गार्डन में रोपे फलदार और छायादार पौधे, माली को भेंट की राशन सामग्री - August 2, 2026