आगरा। डिफेंस कॉलोनी स्थित गीता ज्ञान गर्ल्स इंटर कॉलेज के पास कॉलोनी के मुख्य चौराहे पर नगर निगम द्वारा सौंदर्यीकरण और हरित वातावरण के संवर्धन के लिए लगाए गए गमलों को असामाजिक तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। लगभग 10 गमले तोड़े जाने के साथ उनमें लगे फूल और सजावटी पौधे भी उखाड़कर चोरी कर लिए गए। यह घटना 24 अक्टूबर, 2025 की रात की बताई जा रही है।
इन पौधों का उद्देश्य कॉलोनी की सुंदरता बढ़ाने के साथ-साथ पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखना था। मगर इस घटना से कॉलोनी निवासी न केवल निराश हैं, बल्कि उनमें असुरक्षा की भावना भी गहराई है।
कॉलोनी के नागरिकों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है जब हरित क्षेत्र को नुकसान पहुंचाया गया हो। स्थानीय निवासी केशव देव शर्मा की बाउंड्री वॉल के पास स्थित लगभग दो फुट मोटे पापड़ी के पेड़ को भी कुछ असामाजिक तत्वों ने काट दिया। यह वृक्ष कॉलोनी के पर्यावरणीय स्वास्थ्य और स्थानीय जलवायु के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण था।
डिफेंस कॉलोनी यूथ वेलफेयर सोसाइटी के सचिव रोहतास सिंह यादव ने नगर निगम और स्थानीय प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि “कॉलोनी में सार्वजनिक पौधों और वृक्षों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए। सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं, पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।”
सोसाइटी ने इस संबंध में मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, नगर आयुक्त, पुलिस आयुक्त और वन विभाग को पत्र भेजकर मामले में त्वरित हस्तक्षेप की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही कार्रवाई नहीं हुई तो वे स्वयं हरित क्षेत्र की सुरक्षा के लिए सामूहिक निगरानी शुरू करेंगे। कॉलोनीवासियों ने सभी से पर्यावरण संरक्षण में सहयोग की अपील भी की है।
- ताज से आगे की सोच: ‘आगरा बियॉन्ड ताज’ में विशेषज्ञों ने खींचा भविष्य का खाका, अध्यात्म और विरासत का होगा संगम - February 24, 2026
- Agra News: हाथियों की सेहत संवारेंगे दुनिया भर के विशेषज्ञ, वाइल्डलाइफ एसओएस की पांच दिवसीय इंटरनेशनल वर्कशॉप शुरू - February 24, 2026
- शंकराचार्य का ‘फोटो’ धमाका: IPS अजय पाल और आशुतोष की केक काटते तस्वीर दिखाई, महाराज बोले- AI जनरेटेड है - February 24, 2026