Agra News: एपी ज्वैलर्स पर जीएसटी विभाग की कार्रवाई, दो प्रतिष्ठानों पर एक साथ छानबीन

स्थानीय समाचार

आगरा। तीन दिन पहले जीएसटी के सेवानिवृत्त आयुक्त और उनके पुत्र के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराने वाले एपी ज्वैलर्स के प्रतिष्ठानों पर शुक्रवार को जीएसटी विभाग की टीम ने कार्रवाई की। एमजी रोड के निकट स्थित शोरूम और किनारी बाजार के चौबेजी का फाटक क्षेत्र में मौजूद दुकान पर एक साथ छानबीन किए जाने से सराफा बाजार में हड़कंप मच गया।

सूत्रों के अनुसार जीएसटी अधिकारियों की टीम सुबह दोनों प्रतिष्ठानों पर पहुंची और दस्तावेजों की गहन जांच शुरू की। सूर्य नगर के पास स्थित शोरूम और किनारी बाजार स्थित दुकान के भीतर अधिकारी रिकॉर्ड खंगालते नजर आए, जबकि बाहर पर्याप्त फोर्स तैनात रही। अचानक हुई इस कार्रवाई से किनारी बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कई दुकानदारों ने एहतियातन अपने शटर गिरा दिए।

हालांकि आधिकारिक तौर पर यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि कार्रवाई किस विशेष बिंदु को लेकर की जा रही है, लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार जांच जीएसटी से जुड़े मामलों पर केंद्रित है। सूत्रों का कहना है कि दोनों प्रतिष्ठानों पर एक साथ की गई कार्रवाई से जांच को व्यापक रूप देने का प्रयास किया जा रहा है।

गौरतलब है कि एपी ज्वैलर्स के संचालकों ने हाल ही में जीएसटी के पूर्व आयुक्त और उनके पुत्र के खिलाफ करीब 19 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बाद से यह मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है। फिलहाल जीएसटी विभाग या अन्य किसी संबंधित विभाग की ओर से इस कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

Dr. Bhanu Pratap Singh