Agra News: शास्त्रीपुरम को विकास की सौगात, सांसद नवीन जैन ने किया ₹53 लाख के सड़क कार्यों का शिलान्यास, दशकों पुरानी समस्या होगी दूर

स्थानीय समाचार

आगरा: ताजनगरी के शास्त्रीपुरम और बाईंपुर क्षेत्र के निवासियों के लिए रविवार का दिन खुशियों भरा रहा। राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने अपनी सांसद निधि से 53 लाख रुपये की लागत वाली विभिन्न सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इन सड़कों के बनने से उत्तम गिरी एक्सटेंशन और कृष्ण कुंज कॉलोनी के हजारों लोगों को जर्जर रास्तों और जलभराव की समस्या से स्थायी मुक्ति मिलेगी।

उत्तम गिरी एक्सटेंशन: ₹35 लाख से बनेंगी दो सड़कें

ग्राम पंचायत बाईंपुर के मजरा चुचाईना स्थित उत्तम गिरी एक्सटेंशन में दो महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण को हरी झंडी दी गई। पहली सड़क 183 मीटर लंबी होगी, और दूसरी सड़क  147 मीटर लंबी है।

इन दोनों सड़कों पर कुल 35 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। स्थानीय निवासियों के अनुसार, लंबे समय से जर्जर रास्तों के कारण आवागमन में भारी परेशानी हो रही थी।

कृष्ण कुंज कॉलोनी: ₹18 लाख से सुधरेगा मुख्य मार्ग

​शास्त्रीपुरम की कृष्ण कुंज कॉलोनी के 100 फुटा रोड पर 195 मीटर लंबी सड़क का निर्माण कराया जाएगा। लगभग 18 लाख रुपये की लागत से बनने वाला यह मार्ग कॉलोनी का प्रमुख संपर्क रास्ता है। इसके निर्माण से क्षेत्र की कनेक्टिविटी काफी मजबूत हो जाएगी।

क्षेत्रवासियों ने किया भव्य स्वागत

विकास कार्यों की सौगात मिलने पर स्थानीय निवासियों ने सांसद नवीन जैन का जोरदार स्वागत किया। सांसद ने कहा कि जनता की मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाना उनकी प्राथमिकता है और शास्त्रीपुरम क्षेत्र में विकास की यह रफ्तार रुकने नहीं दी जाएगी।

इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति

शिलान्यास समारोह के दौरान आरएसएस के अशोक कुलश्रेष्ठ, पूर्व पार्षद अमित अग्रवाल ग्वाला, युवा भाजपा नेता वैभव जैन, अनिल सारस्वत, अशोक गोयल, आर.बी. पाराशर और डॉ. आर.एस. शुक्ला सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Dr. Bhanu Pratap Singh