आगरा: थाना एत्माददौला क्षेत्र में पिछले कई दिनों से कारों से बैग उड़ाने वाले बदमाशों का गिरोह सक्रिय है। कई व्यापारी इनका शिकार हो रहे हैं। इनमें फाउंड्री नगर स्थित उद्योगों से जुड़े उद्यमी भी शामिल हैं।
मंगलवार को इन बदमाशों ने एक बार फिर एक फैक्ट्री संचालक को निशाना बनाने के प्रयास किया। इंजीनियरिंग कंपोनेंट मैन्युफैक्चरर्स एसोसियेशन (एक्मा) के पूर्व अध्यक्ष मनोज गर्ग सायंकाल अपनी फैक्ट्री से कार द्वारा अकेले लौट रहे थे। कार की बगल वाली सीट पर उनका बैग रखा था। रामबाग चौराहे के पास भीड़ के कारण उनकी कार धीमी हुई तभी एक बदमाश ने नजर बचाकर कार के इंजन पर मोबिल ऑयल का पाउच उड़ेल दिया। एक अन्य बदमाश मनोज गर्ग के पास आकर कहने लगा कि उनकी कार के इंजन से ऑयल लीक हो रहा है। इससे मनोज हड़बड़ा गए, लेकिन तभी उनका ध्यान स्पीडोमीटर पर गया। मीटर इंजन को सामान्य हीट पर बता रहा था। इस पर मनोज कार से बाहर नहीं निकले और सीधे कमलानगर स्थित कार के सर्विस सेंटर पर चले गए। वहां जाकर पता चला कि इंजन ठीकठाक काम कर रहा है और किसी ने बाहर से मोबिल ऑयल डाल दिया था।
मनोज तो अपनी समझदारी से लूट का शिकार होने से बाल-बाल बच गए, लेकिन उन्होंने बताया कि एक्मा के दो पूर्व अध्यक्ष ओपी अग्रवाल और राजीव अग्रवाल इस तरह वारदात करने वाले बदमाशों का शिकार हो चुके हैं। ओपी अग्रवाल और राजीव अग्रवाल के ऐसी स्थिति में कार से उतरते ही बदमाशों ने कारों में रखे बैग पार कर दिए थे।
मनोज गर्ग ने उद्यमियों के व्हाट्स ऐप ग्रुप में इस घटना की जानकारी साझा करते हुए सभी को आगाह किया तो पता चला कि दो पूर्व अध्यक्षों के अलावा कुछ और उद्यमियों के साथ भी ऐसी वारदात हो चुकी है। अब सभी उद्यमियों ने तय किया है कि वे बुधवार को एकजुट होकर थाना प्रभारी से मुलाकात करेंगे और ऐसी बदमाशों को गिरफ्तार किए जाने की मांग करेंगे।
- आगरा दीवानी लाठीचार्ज कांड के 25 साल बाद फिर खुलेंगी फाइलें: DGP मुख्यालय के पत्र पर कमिश्नरेट पुलिस ने शुरू की RTI पर कार्रवाई - November 5, 2026
- आगरा के धाकरान नजूल भूमि फर्जीवाड़े में बड़ी कार्रवाई: ओबीपीएएस पोर्टल पर फर्जी लेटर अपलोड कर पास कराया व्यावसायिक नक्शा, 4 पर FIR - November 5, 2026
- बहू के इलाज का 7 लाख कर्ज चुकाने के लिए बनी चोर, आगरा में ज्वैलर्स की दुकान से 15 लाख के गहने उड़ाने वाली महिला ग्वालियर से गिरफ्तार; लाखों के सोने-चांदी के जेवर बरामद - November 5, 2026