
आगरा। थाना नाई की मंडी क्षेत्र के बड़ा गालिबपुरा स्थित नेहरा वाली गली में मंगलवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक फोम के गोदाम में अचानक आग लग गई। संकरी गली में आग की लपटें तेजी से फैलने लगीं, जिससे आसपास के घरों में रहने वाले लोग दहशत में आ गए और सुरक्षा के लिए बाहर निकल आए। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस हादसे में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है, हालांकि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) देवेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि नेहरा वाली गली में इमरान के घर के भूतल पर फोम का गोदाम संचालित था, जबकि परिवार ऊपर की मंजिल पर रहता है। मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे गोदाम में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और धुआं व लपटें दूर तक दिखाई देने लगीं।
संकरी गली बनी चुनौती, पाइप जोड़कर पहुंचाया पानी
सीएफओ ने बताया कि घटना स्थल का इलाका अत्यंत संकरा होने के कारण दमकल वाहनों को भीतर तक ले जाना संभव नहीं हो पाया। मौके पर दमकल की तीन गाड़ियां पहुंचीं, लेकिन संकरी गली के कारण अंदर प्रवेश में बाधा आई। इसके बाद दमकल कर्मियों ने करीब 100 मीटर तक एक दर्जन पाइप जोड़कर घटनास्थल तक पानी पहुंचाया और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
लगातार प्रयासों के बाद करीब एक घंटे में आग पर नियंत्रण कर लिया गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। पुलिस और फायर विभाग की टीम नुकसान का आकलन कर रही है।
- सिंधी सेंट्रल पंचायत Agra के अध्यक्ष चंद्र प्रकाश सोनी का समाज के व्हाट्सएप जीवियों को करारा जवाब - April 14, 2026
- आरडी पब्लिक स्कूल Agra: शिक्षा के साथ संस्कार और प्रतिभा निखार का उत्कृष्ट केंद्र - April 10, 2026
- ज्ञान की दीपशिखा: मन्नाश्री चौहान ने रचा इतिहास, डीईआई आगरा की बनीं टॉपर - April 10, 2026