आगरा: जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी की अध्यक्षता में शुक्रवार को विकास भवन सभागार में किसान दिवस के साथ-साथ कृषि यंत्रों की ई-लॉटरी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित किसानों ने सिंचाई, बाजरा खरीद और उर्वरक उपलब्धता जैसी समस्याएं रखीं। जिलाधिकारी ने सभी मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल निस्तारण के निर्देश प्रदान किए।
जिलास्तरीय समिति के समक्ष कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं के लिए वित्तीय वर्ष 2025-26 हेतु ई-लॉटरी प्रक्रिया संचालित की गई। जनपद में 10 हजार रुपये से अधिक अनुदान वाले कृषि यंत्र—कस्टम हायरिंग सेंटर, किसान ड्रोन सहित अन्य आधुनिक उपकरणों—के लिए कुल 224 बुकिंग प्राप्त हुई थीं। इनमें से 22 कृषकों का चयन ई-लॉटरी के माध्यम से किया गया।
लॉटरी परिणाम जारी होते ही चयनित किसानों को सूचना मोबाइल संदेश के माध्यम से भेजी गई। मैसेज मिलते ही किसानों के चेहरों पर खुशी की चमक साफ दिखाई दी।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह, उप कृषि निदेशक मुकेश कुमार, जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार, कृषि विज्ञान केंद्र के प्रभारी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, केनरा बैंक के अग्रणी जिला प्रबंधक, कृषक समृद्धि आयोग के सदस्य ऋषि कुमार, तथा प्रगतिशील किसान मोहन सिंह चाहर, हरीश कुमार दुबे, मान सिंह, हरीश कुमार और सौरभ शर्मा सहित जनपद के सुदूर क्षेत्रों से आए लगभग 115 किसान मौजूद रहे।
जिलाधिकारी ने कहा कि किसानों की समस्याएं शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता में हैं और उनके समाधान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि कृषि कार्यों के लिए जरूरी संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।
कृषि यंत्रों की ई-लॉटरी का यह पारदर्शी आयोजन किसानों की आधुनिक कृषि तकनीकों तक पहुंच को सुगम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
- Agra News: CCTV ने पकड़ी ‘नकल की आवाज’, मियापुर में बोल-बोलकर हल कराए जा रहे थे पेपर, एफआईआर के आदेश - February 24, 2026
- Agra News: CCTV ने पकड़ी ‘नकल की आवाज’, मियापुर में बोल-बोलकर हल कराए जा रहे थे पेपर, एफआईआर के आदेश - February 24, 2026
- सिंगापुर से गूँजा जेवर का नाम: सीएम योगी का बड़ा ऐलान, अगले महीने पीएम मोदी करेंगे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन - February 24, 2026