आगरा। जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी एक बार फिर एक्शन मोड में नजर आए। शनिवार देर शाम उन्होंने अचानक फतेहाबाद रोड पर चल रहे ओवरलोडिंग और अवैध खनन से जुड़े वाहनों की जांच अभियान की हकीकत जानने के लिए मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। डीएम की इस आकस्मिक कार्रवाई से प्रशासनिक अमले में हलचल मच गई, जबकि खनन माफियाओं में हड़कंप की स्थिति रही।
फतेहाबाद रोड पर डीएम की अचानक एंट्री
डीएम बंगारी जब रमाडा कट पहुंचे तो वहां से गिट्टी से भरा एक ट्रक गुजरता दिखाई दिया। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए पुलिस, परिवहन, राजस्व और खनन विभाग की संयुक्त टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने ट्रक को एडीए टोल प्लाजा पर रोककर जांच की तो पता चला कि वह बिना आईएसटीपी के परिवहन कर रहा था। डीएम ने मौके पर ही ट्रक को छलेसर पुलिस चौकी पर सीज करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों को मौके पर बुलाया, दिए सख्त निर्देश
जिलाधिकारी ने मौके पर एसडीएम एत्मादपुर, पुलिस, परिवहन और खनन विभाग के अधिकारियों को बुलाकर स्पष्ट निर्देश दिए कि अवैध खनन और ओवरलोडिंग किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए।
पूरे जिले में चला सघन अभियान
डीएम के निर्देश पर शनिवार रात से रविवार दोपहर तक जिलेभर में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। खनन, राजस्व, परिवहन और पुलिस विभाग की संयुक्त टीमों ने विभिन्न स्थानों पर 320 वाहनों की जांच की। इसमें से 26 वाहनों को सीज, 21 का चालान, और 54 वाहनों पर एचएसआरपी नंबर प्लेट न होने पर कार्रवाई की गई। इनमें चार ओवरलोड ईंट ट्रैक्टर भी शामिल थे।
प्रशासन की सख्ती से माफियाओं में हड़कंप
डीएम अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने कहा कि “जनपद में अवैध खनन, ओवरलोडिंग और ओवरस्पीडिंग के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। किसी को भी नियमों से खिलवाड़ करने की छूट नहीं दी जाएगी।”
उनकी इस आकस्मिक छापेमारी और कड़े रुख से खनन और परिवहन माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है, जबकि आमजन में प्रशासन की सख्त कार्रवाई की सराहना की जा रही है।
- यूपी की सियासत में अनोखा मोड़: सुबह सपा में शामिल हुए पूर्व विधायक सिनोद शाक्य, शाम को बीजेपी ने बना दिया प्रदेश कार्यसमिति सदस्य - October 27, 2026
- यूपी की सियासत में अनोखा मोड़: सुबह सपा में शामिल हुए पूर्व विधायक सिनोद शाक्य, शाम को बीजेपी ने बना दिया प्रदेश कार्यसमिति सदस्य - October 27, 2026
- भगवान वाल्मीकि प्रकटोत्सव पर आगरा में निकली भव्य प्रभात फेरी, ताज प्रेस क्लब से सुभाष पार्क मंदिर तक उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ - October 26, 2026