
आगरा: जनपद में रविवार को पल्स पोलियो अभियान का उत्साहपूर्वक शुभारंभ किया गया। अभियान के तहत जीवनी मंडी स्थित नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर बनाए गए पोलियो बूथ का उद्घाटन जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. उपेंद्र कुमार ने बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाकर किया।
अभियान के बारे में जानकारी देते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ अरुण कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि अभियान के दौरान 6.81 लाख शून्य से पांच साल तक के बच्चों को दवा पिलाई जाएगी। रविवार को कुल 2703 बूथों पर पोलियो की खुराक पिलाई गई। जो बच्चे बूथ दिवस पर दवा पीने से छूट जाएंगे, उन्हें सोमवार से शुक्रवार तक स्वास्थ्य विभाग की 1761 टीमें 9.57 लाख घरों में घर-घर जाकर दवा पिलाएंगी। इन टीमों की निगरानी 530 सुपरवाइजर टीमों द्वारा की जाएगी। सीएमओ ने सभी से अपील की कि वे अपने शून्य से पाँच साल तक के बच्चों को पोलियो की दवा अवश्य पिलाएँ।
इस अवसर पर जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने अभिभावकों से अपील की कि वे शून्य से पांच वर्ष तक के अपने बच्चों को नजदीकी बूथ पर ले जाकर दवा अवश्य पिलाएं। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि पोलियो के खिलाफ इस जंग को जीतने के लिए प्रत्येक बच्चे तक पहुंचना बेहद जरूरी है और कोई भी बच्चा खुराक पीने से छूटना नहीं चाहिए।
स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा अभियान को सफल बनाने और शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के लिए विशेष रणनीति के तहत कार्य किया जा रहा है। साथ ही आमजन से भी इस महाअभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया गया।
उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की ओर से डॉ. अमृता अग्रवाल, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. मेघना शर्मा समेत स्वास्थ्य केंद्र की समस्त एएनएम और विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे।
- आगरा में पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत: जीवनी मंडी केंद्र पर नौनिहालों को पिलाई गई ‘दो बूंद जिंदगी की’ - November 22, 2026
- यूपी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी तेज, सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने INDIA गठबंधन के सीट समझौते के लिए बनाई चार सदस्यीय कमेटी - November 22, 2026
- यूपी 2027 चुनाव से पहले सपा-कांग्रेस गठबंधन की पहली अहम बैठक: प्रमोद तिवारी के आवास पर होगी सीटों के बंटवारे पर चर्चा - November 22, 2026