आगरा। ग्राहकों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक और सशक्त बनाने के उद्देश्य से अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत ने मंगलवार को आगरा में ग्राहक जागरण पखवाड़े की शुरुआत भव्य जागरूकता रैली के साथ की। इस रैली में बड़ी संख्या में स्कूली छात्राओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली, जिन्होंने हाथों में संदेश लिखी तख्तियां लेकर उपभोक्ता अधिकारों की अलख जगाई और आमजन का ध्यान ग्राहक हितों की ओर आकर्षित किया।
ग्राहक जागरण पखवाड़े का औपचारिक शुभारंभ बल्केश्वर कॉलोनी में किया गया। जागरूकता रैली बल्केश्वर स्थित सनातन धर्म इंटर कॉलेज से प्रारंभ होकर शिवपुरी, बल्केश्वर चौराहा और नंदी चौक से गुजरते हुए कमला नगर थाना पर संपन्न हुई। रैली के दौरान छात्राओं और कार्यकर्ताओं ने बाजार में होने वाली भ्रामक गतिविधियों, उपभोक्ता शोषण और जागरूक ग्राहक बनने से जुड़े संदेश लोगों तक पहुंचाए।
इस अवसर पर अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के जिलाध्यक्ष पार्षद मुरारी लाल गोयल ‘पेन्ट’ ने बताया कि ग्राहक जागरण पखवाड़े का मुख्य उद्देश्य आम उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों, कर्तव्यों और शिकायत निवारण की प्रक्रिया की जानकारी देना है, ताकि वे किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी या शोषण से बच सकें।
कार्यक्रम संयोजक सुमन गोयल ने बताया कि पखवाड़े के अंतर्गत दिसंबर माह में एक विशेष ग्राहक जागरूकता गोष्ठी आयोजित की जाएगी, जिसमें विषय विशेषज्ञ उपभोक्ता संरक्षण कानूनों, कानूनी अधिकारों और शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया पर विस्तार से जानकारी देंगे। उन्होंने बताया कि 24 दिसंबर को राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि पखवाड़े के दौरान शहर भर में लगातार जागरूकता गतिविधियां चलाई जाएंगी, ताकि प्रत्येक नागरिक अपने उपभोक्ता अधिकारों के प्रति सजग हो सके। साथ ही आयुष्मान कार्ड कैंप का भी आयोजन किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक लोग सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ उठा सकें।
कार्यक्रम में अशोक बाबू गुप्ता, बनवारी लाल जिंदल, हरिओम गोयल, विश्वनाथ भारद्वाज, मयंक खंडेलवाल, कुमकुम उपाध्याय, मीनाक्षी शर्मा, पूजा जैन, अमित ग्वाला सहित अनेक गणमान्य नागरिक और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
- आगरा में श्री हरि सत्संग समिति की नित्य प्रभात फेरी के 15 साल पूरे: भव्य संकीर्तन यात्रा में उमड़े श्रद्धालु, विधायक ने की पुष्पवर्षा - September 15, 2026
- सपा की तुष्टिकरण और जातिगत राजनीति अब जनता के बीच नहीं चलने वाली: भाजपा नेता रोहित कत्याल - September 15, 2026
- आगरा के थाना सैंया क्षेत्र में सनसनीखेज वारदात, मेले से लापता हुई लड़की का शव पेड़ से लटका मिलने से मचा हड़कंप - September 14, 2026