आगरा। ज़िले के पिड़ौरा थाना क्षेत्र के गांव गुर्जा शिवलाल से एक हृदय विदारक घटना सामने आई है। जम्मू-कश्मीर में तैनात सेना के जवान अनिल परिहार की मंगलवार को कूलर में करंट लगने से मौत हो गई। वह कुछ दिन की छुट्टी पर अपने घर आए थे, लेकिन एक मामूली सी लापरवाही ने पूरे परिवार को जीवन भर का दर्द दे दिया।
अनिल परिहार घर के आंगन में रखे कूलर में पानी डाल रहे थे, तभी करंट दौड़ गया। वह ज़मीन पर गिर पड़े। जब तक परिवार कुछ समझ पाता, तब तक अनिल की सांसें थम चुकी थीं। उन्हें आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
जवान की मौत की खबर फैलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। माता-पिता, पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। जवान अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री को बिलखता हुआ छोड़ गया। वह पूरे परिवार का सहारा था, अब घर की दीवार जैसे ढह गई हो।
शहीद जवान की अंत्येष्टि सैन्य सम्मान के साथ की जाएगी। सेना की ओर से अधिकारी गांव पहुंच चुके हैं। ग्रामीणों की आंखों में आंसू हैं, लेकिन गर्व भी है कि यह बेटा देश की सेवा करते हुए लौटा है।
गांववालों ने कहा- जो बेटा दुश्मनों से लड़कर लौटा था, वह एक कूलर के करंट से हार गया। काश ज़रा सी सतर्कता होती, तो यह हादसा टल जाता। इस घटना ने न सिर्फ एक परिवार को तोड़ा है, बल्कि पूरे गांव को गमगीन कर दिया है।
- आगरा के एस.एन. मेडिकल कॉलेज को मिले 202 नए ‘नर्सिंग ऑफिसर’: कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय और विधायकों ने बांटे नियुक्ति पत्र, स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी नई ताकत - March 23, 2026
- आगरा में खनन माफियाओं पर डीएम का ‘हंटर’: अवैध परिवहन और ओवरलोडिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 6 वाहन जब्त - March 23, 2026
- Agra News: शहीद दिवस पर ‘माय भारत’ की अनूठी पहल: श्रमदान और स्वच्छता से दी अमर शहीदों को श्रद्धांजलि; डॉ. सहगल बोले- स्वच्छता भी है देशभक्ति का रूप - March 23, 2026