आगरा। आगरा में सिविल एन्क्लेव (ताज इंटरनेशनल एयरपोर्ट) के पहले चरण का निर्माण महत्वपूर्ण मोड़ पर पहुंच गया है। सिविल सोसाइटी ऑफ आगरा के प्रतिनिधि मंडल से मुलाकात के दौरान प्रोजेक्ट प्रभारी एवं महाप्रबंधक (अभि.) अनूप चंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि फेस-1 के तहत पिलर, फाउंडेशन और बाउंड्री वॉल जैसे कई प्रमुख कार्यों में 40 प्रतिशत निर्माण पूरा हो चुका है और शेष कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा कर लिया जाएगा। परियोजना का लक्ष्य वर्ष 2026 में एयरपोर्ट का स्थानांतरण और संचालन शुरू करना है, बशर्ते विभागीय समन्वय कायम रहे।
पेड़ों का विस्थापन कार्य पूरा
फेस-1 में शामिल 286 पेड़ों के विस्थापन की प्रक्रिया सामाजिक वानिकी विभाग की देखरेख में पूरी कर ली गई है। इसकी विस्तृत रिपोर्ट शासन को भेज दी गई है, जिसे आगे सुप्रीम कोर्ट में प्रस्तुत किया जाएगा।
खेरिया–मलपुरा मार्ग का होगा विस्तार
नए सिविल एन्क्लेव तक पहुंच को सुगम करने के लिए खेरिया मोड़ से मलपुरा तक का मार्ग मॉडल रोड के रूप में विकसित किया जाएगा।
सड़क के उन्नयन, बिजली पोल स्थानांतरित करने, अतिक्रमण हटाने का कार्य अगले तीन महीनों में पूरा किया जाना प्रस्तावित है।
वैकल्पिक मार्ग निर्माण पर कार्रवाई
एन्क्लेव परिसर से गुजरने वाली मौजूदा सड़क, बाउंड्री वॉल बनते ही बंद हो जाएगी। इसके स्थान पर वैकल्पिक मार्ग का प्रस्ताव तैयार है और शासन से धनराशि भी अवमुक्त हो चुकी है।
जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने निर्देश दिया है कि जब तक वैकल्पिक मार्ग तैयार नहीं होता, तब तक मौजूदा सड़क को चालू रखा जाए। नया मार्ग अगले छह महीनों में तैयार करने का लक्ष्य है।
नाले का निर्माण—जलभराव से राहत की तैयारी
सिविल एन्क्लेव का गंदा पानी और वर्षा जल निकालने के लिए एक कनेक्टिंग नाला बनाया जाएगा, जो खेरिया मोड़–मलपुरा नाले से जुड़कर जल निकासी सुनिश्चित करेगा।
वर्तमान में मानसून में जलभराव से निर्माण कार्य प्रभावित होता है, इसलिए नाला निर्माण को तत्काल प्राथमिकता में रखा गया है।
जलापूर्ति योजना—जल निगम करेगा स्रोतों का चयन
एन्क्लेव की जलापूर्ति के लिए उत्तर प्रदेश जल निगम को योजना तैयार करने का निर्देश दिया गया है। जल आपूर्ति पर आने वाला समस्त व्यय एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) वहन करेगी।
एयरपोर्ट स्टाफ के आवास के लिए 5 एकड़ भूमि की मांग
एयरपोर्ट सुरक्षा कर्मियों और AAI कर्मचारियों के लिए 5 एकड़ भूमि आवासीय परिसर के लिए मांगी गई है। इसे सिविल एन्क्लेव के आधारभूत ढांचे का अनिवार्य हिस्सा माना जा रहा है।
परियोजना से जुड़े पर्यावरणीय मुद्दों पर चर्चा
सिविल सोसाइटी के सचिव अनिल शर्मा ने प्रोजेक्ट प्रभारी के समक्ष कहा कि एन्क्लेव परिसर का एक हिस्सा एयर फोर्स स्टेशन की संवेदनशील सीमा से सटा है।
उन्होंने सुझाव दिया कि NEERI से पर्यावरणीय जांच कराने के लिए रक्षा मंत्रालय की अनुमति आवश्यक होगी, जो जटिल प्रक्रिया है।
उन्होंने यह भी कहा कि टीटीजेड क्षेत्र में NEERI द्वारा किए गए कई सर्वे अपेक्षित प्रभाव नहीं ला सके हैं। इस विषय पर सिविल सोसाइटी ने अपनी राय पर्यावरण मंत्रालय को पत्र लिखकर भी भेजी है।
टीटीजेड से सहयोग की अपील
ताज ट्रेपेज़ियम अथॉरिटी (TTZ) से अनुरोध किया गया है कि सिविल एन्क्लेव से संबंधित अनुमतियों, आवश्यक संस्तुतियों को शीघ्र पूरा कराया जाए और यदि कोई कमी है तो समाधान हेतु मार्गदर्शन प्रदान किया जाए।
प्रतिनिधिमंडल
सिविल सोसायटी ऑफ आगरा के प्रतिनिधि मंडल में
अनिल शर्मा, राजीव सक्सेना और असलम सलीमी शामिल रहे।
यह परियोजना आगरा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही है। सिविल एन्क्लेव के निर्माण कार्यों की तेज़ रफ्तार और विभागीय समन्वय से उम्मीद बढ़ी है कि आने वाले वर्षों में आगरा को आधुनिक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की सुविधा मिल सकेगी।
- किसान फॉर्च्यूनर से नहीं चलता…आगरा में आलू के दाम पर प्रदर्शन के दौरान भिड़ गए खाकी और खादी, वीडियो वायरल - March 9, 2026
- किसान फॉर्च्यूनर से नहीं चलता…आगरा में आलू के दाम पर प्रदर्शन के दौरान भिड़ गए खाकी और खादी, वीडियो वायरल - March 9, 2026
- आगरा में होली मिलन का उल्लास: व्यापार मंडल के मंच पर थिरके वृंदावन के कलाकार, वात्सल्य सेवा समिति ने चंदन से खेली होली - March 9, 2026