आगरा:- थाना एत्माद्दौला के ट्रांसयमुना कॉलोनी फेज 1 में शनिवार की रात पुलिस को जुआ लूटना महंगा पड़ गया। चौकी इंचार्ज ट्रांसयमुना योगेश कुमार के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम का मुकदमा दर्ज कराया गया है। वह फरार हो गया है। वहीं, जांच के दौरान निलंबित दरोगा आशीष पुंडीर एत्मादुद्दौला थाने में गिरकर बेहोश हो गया। यह देख पुलिस के होश उड़ गए। उसे नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। उसका ब्लड प्रेशर बहुत ज्यादा हो गया था।
रात को सिपाही विशाल राठी और कपिल कुमार ने ट्रांसयमुना कालोनी निवासी अमित जाट के घर दबिश दी थी। मौके से चार लोगों को पकड़ा था। ट्रांसयमुना चौकी पर लेकर गए कुछ देर बाद चारों को पुलिस ने छोड़ दिया था। आरोप लगा था कि पुलिस ने फड़ पर मिली रकम तो लूटी ही, थे। आरोपियों को छोड़ने के एवज में भी वसूली की है।
डीसीपी सिटी सूरज कुमार राय ने रात में ही चौकी इंचार्ज ट्रांसयमुना योगेश कुमार, दरोगा आशीष पुंडीर, सिपाही विशाल राठी व कपिल कुमार को निलंबित कर दिया था। रविवार की सुबह एसीपी छत्ता हेमंत कुमार एत्मादुद्दौला थाने में प्रकरण की जांच करने पहुंचे। सिपाहियों ने अपने बयान में कहा कि उनका काम सिर्फ पकड़ने तक सीमित था।
आरोपियों के खिलाफ क्या कार्रवाई होगी यह तय करने का काम चौकी इंचार्ज का था। चौकी इंचार्ज और आरोपियों के बीच में ही कोई बातचीत हुई थी। दरोगा अशीष पुंडीर ने कहा कि वह चौकी का प्रभारी नहीं है। चौकी प्रभारी के सामने उसकी नहीं चलती। वह किसी अधिकारी से शिकायत करता तो भी उसके खिलाफ कार्रवाई होती। इसलिए, वह शांत रहा। उसे बलि का बकरा बनाया गया है।
अवैध वसूली में उसे एक रुपया भी नहीं मिला है। एसीपी ने थाना प्रभारी से कहा कि इस मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। अधिकारी बहुत नाराज हैं। यह कहकर एसीपी बाहर आ गए। तभी दरोगा आशीष पुंडीर गश खाकर थाने में गिर पड़ा। पुलिस कर्मी उसे हॉस्पिटल लेकर भागे। डॉक्टर ने ब्लड प्रेशर चेक किया तो बहुत ज्यादा था। उसे सीधे आईसीयू में भर्ती किया गया। हालत गंभीर थी। यह देख दरोगा को देहली गेट स्थित नर्सिंग होम में लाया गया। डॉक्टर ने 24 घंटे निगरानी में रखने की बात कही है।
“मुकदमा लिखते ही चौकी इंचार्ज फरार”
थाना एत्मादुद्दौला में ट्रांसयमुना चौकी से निलंबित हुए प्रभारी योगेश कुमार के खिलाफ मुकदमा लिखा गया है। मुकदमा अमित जाट ने लिखाया है। उसने तहरीर में लिखा कि वह अपने तीन दोस्तों के साथ घर पर शराब पी रहा था। वे लोग ताश भी खेल रहे थे। दो सिपाही आए और पकड़कर चौकी ले गए। उसके बाद वसूली करके चौकी प्रभारी ने उन्हें छोड़ा। तहरीर में फड़ से लूटी रकम का जिक्र नहीं है। अमित जाट तहरीर में यह लिखता कि वह जुआ खेल रहा था तो वह भी आरोपित बन जाता। उसने चालाकी दिखाई। तहरीर में लिखा कि दोस्तों के साथ ताश खेल रहा था।
- Agra News: आईएसबीटी पर खड़े वाहनों में लगी अचानक आग, सात वाहन जलकर हुए खाक - March 12, 2025
- Agra News: बाइक सवार युवकों ने होलिका में लगा दी दो दिन पहले ही आग, आक्रोशित लोगों ने हंगामा कर किया रोड जाम - March 12, 2025
- Agra News: क्रिप्टो करेंसी के नाम पर व्यापारी से 42.5 लाख की ठगी करने वाले चार शातिर गिरफ्तार - March 12, 2025