Agra News: एसएन मेडिकल कॉलेज के वार्ड की छत से प्लास्टर गिरने की घटना पर फूटा गुस्सा: सपा कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार प्रदर्शन और प्राचार्य का घेराव

स्थानीय समाचार

आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज के एक वार्ड की छत से अचानक प्लास्टर गिरने की दर्दनाक घटना के विरोध में समाजवादी पार्टी के महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास के नेतृत्व में शनिवार को बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने कॉलेज परिसर पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया और कॉलेज के प्राचार्य का घेराव किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास कर रही पुलिस के साथ उनकी तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली।

समाजवादी पार्टी ने इस पूरी घटना को अस्पताल प्रशासन और उसकी रखरखाव व्यवस्था की एक गंभीर लापरवाही करार देते हुए सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने तथा मृतक बच्चे के पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिए जाने की पुरजोर मांग की है।

सपा महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास ने कड़े शब्दों में कहा कि अस्पताल में इलाज कराने के लिए आया एक मासूम बच्चा कॉलेज की जर्जर छत का प्लास्टर गिरने की चपेट में आ गया। इलाज के दौरान इस बालक की मौत के मामले में कॉलेज प्रशासन इसे एक गंभीर बीमारी का परिणाम बता रहा है, लेकिन समाजवादी पार्टी इस दुखद हादसे को पूरी तरह प्रशासनिक लापरवाही मानती है और इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई चाहती है।

उन्होंने आगे कहा कि वर्ष 1854 में स्थापित एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा मंडल के करीब दो करोड़ नागरिकों के लिए एक प्रमुख और बड़ा सरकारी अस्पताल है। यहां प्रतिदिन लगभग चार से पांच हजार मरीज अपना इलाज कराने के लिए पहुंचते हैं और अस्पताल में 1,500 से अधिक बेड मौजूद हैं, इसके बावजूद यहां के कई वार्डों की छतें आज भी बेहद जर्जर हालत में हैं। अस्पताल परिसर में प्लास्टर गिरने, साफ-सफाई के अभाव, बिजली, पानी और शौचालयों जैसी बुनियादी सुविधाओं का भारी संकट बना हुआ है।

​शब्बीर अब्बास ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मरीजों को अस्पताल के भीतर मिलने वाली सुविधाएं तो दूर, अपनी दवाएं और जरूरी जांचें भी बाहर से कराने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। सपा नेताओं का कहना है कि किसी भी अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर इलाज कराने आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों की सुरक्षा हमेशा से ही सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए, जिसमें किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जा सकती।

​इस दौरान समाजवादी पार्टी ने इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना के लिए सीधे तौर पर जिम्मेदार संबंधित अभियंताओं, निर्माण एजेंसी तथा अस्पताल के रखरखाव से जुड़े तमाम अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ तत्काल प्रभाव से एफआईआर दर्ज करने की मांग की। इसके अलावा, उन्होंने मासूम बच्चे की मौत की एक उच्चस्तरीय और पूरी तरह निष्पक्ष जांच कराने, पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये का आर्थिक मुआवजा देने तथा परिवार के कम से कम एक सदस्य को सरकारी नौकरी दिए जाने की पुरजोर मांग रखी।

​पार्टी की ओर से यह भी मांग की गई कि एसएन मेडिकल कॉलेज की जितनी भी जर्जर इमारतें हैं, उन सबका तत्काल प्रभाव से सुरक्षा ऑडिट कराया जाए और उनकी युद्धस्तर पर मरम्मत करवाई जाए। साथ ही, जब तक मरीजों की सुरक्षा पूरी तरह सुनिश्चित नहीं हो जाती, तब तक इन सभी खतरनाक वार्डों को तुरंत प्रभाव से बंद रखा जाए।

​इस विरोध प्रदर्शन के दौरान नरेन्द्र सिंह धाकड़, पुष्पेंद्र शर्मा, मनोज गुप्ता, प्रमोद यादव, राहुल चौधरी, नरेंद्र सिंह नंद, जिया चौधरी, चौधरी फरहान, जमील खान, नितिन वर्मा, सोमेश गुप्ता, गिरीश गोयल, इरफान उस्मानी, रहीस खान, रोहित नासिर, ॐ पंडित, जमील सिद्दीकी, राजीव सविता, हरेश प्रजापति, पठान कुरैशी, विजय प्रताप सिंह, समीर अहमद नेता और मयंक यादव सहित तमाम प्रमुख समाजवादी कार्यकर्ता और नेता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

Dr. Bhanu Pratap Singh