आगरा। अखिल भारतीय महिला परिषद, आगरा नगर शाखा ने शुक्रवार को संजय प्लेस स्थित आहार रेस्टोरेंट में आयोजित कार्यकारिणी बैठक में वर्ष 2026 के लिए व्यापक कार्य-योजना तैयार की। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि बदलते दौर में महिलाओं के लिए स्वास्थ्य जागरूकता, मानसिक स्वास्थ्य संवेदनशीलता, डिजिटल साक्षरता और सोशल मीडिया सुरक्षा अत्यंत आवश्यक है, इसलिए आने वाले वर्ष में इन्हीं विषयों पर विशेष अभियान चलाए जाएंगे।
बैठक में पिछले वर्ष की गतिविधियों और सामाजिक अभियानों की समीक्षा की गई। सदस्यों का मत रहा कि आधुनिक चुनौतियों के बीच महिलाओं को सुरक्षित ऑनलाइन उपस्थिति, साइबर फ्रॉड से बचाव, सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग, जीवनशैली रोगों की रोकथाम तथा स्वास्थ्य संबंधी जानकारी से लैस करना समय की मांग है।
परिषद ने निर्णय लिया कि वर्ष 2026 में आगरा शाखा द्वारा विभिन्न सामुदायिक स्थानों पर महिलाओं के लिए डिजिटल सुरक्षा कार्यशालाएं, साइबर हेल्थ अवेयरनेस कैंप, स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, सोशल मीडिया गाइडलाइन कैंपेन और मानसिक स्वास्थ्य पर संवाद कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे।
कार्यकारिणी बैठक में वरिष्ठ साहित्यकार और आरबीएस कॉलेज की पूर्व प्राचार्य डॉ. सुषमा सिंह, उमा सिंह, चंद्रा मेहरोत्रा, रूपा मेहरा, ममता खन्ना, सरोज प्रशांत और रजनी शर्मा सहित कई सदस्य उपस्थित रहीं। सभी ने आगामी गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने और व्यापक जनसंपर्क के माध्यम से अधिक से अधिक महिलाओं को जोड़ने का संकल्प दोहराया।
बैठक के समापन पर डॉ. सुषमा सिंह ने कहा कि “आज का समय सिर्फ स्वस्थ रहने का नहीं, बल्कि डिजिटल रूप से सुरक्षित रहने का भी है। परिषद का उद्देश्य है कि आगरा की हर महिला तक यह जागरूकता पहुंचे।”
- आगरा में अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी का भंडाफोड़, क्रेटों के नीचे कट्टों में छिपाकर की जा रही थी तस्करी, पुलिस ने कैंटर से पकड़ा 51 लाख का 101 किलो गांजा - August 22, 2026
- एसजीपीजीआई लखनऊ की टीम ने परखीं व्यवस्थाएं: कल आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में होगा ताजनगरी का पहला किडनी ट्रांसप्लांट - August 21, 2026
- आगरा में ज्वैलर्स ठगी का सनसनीखेज खुलासा: पुराने आभूषण खरीदने के बहाने सोने के कंगन लेकर भागे तीन शातिर गिरफ्तार - August 21, 2026