आगरा के सिकंदरा थाना क्षेत्र में रफ्तार का कहर एक बार फिर दो परिवारों पर कहर बनकर टूटा। रविवार रात सवा 11 बजे आवास-विकास कॉलोनी के करकुंज तिराहे के पास एक तेज रफ्तार कार ने पहले एक बाइक को ठोका और फिर सामने से आ रहे ऑटो में जा घुसी। इस भीषण हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सेक्टर-11 रोड से करकुंज की आ रही कार बेकाबू रफ्तार में थी। रात में ट्रैफिक कम होने का फायदा उठाते हुए कार चालक लापरवाही से गाड़ी दौड़ा रहा था। सबसे पहले उसने विपरीत दिशा से आती बाइक को टक्कर मारी, जिससे गिहारा बस्ती निवासी आशुतोष और ऋतिक हवा में उछलकर दूर जा गिरे। इसके बाद उसी रफ्तार में कार सामने से आ रहे ऑटो से टकरा गई। गनीमत रही कि ऑटो में सवारियां नहीं थीं, वरना जनहानि और ज्यादा हो सकती थी।
हादसे के बाद स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने आशुतोष और ऋतिक को मृत घोषित कर दिया। गिहारा बस्ती निवासी साजन और सेक्टर 12, आवास-विकास निवासी सौरभ की हालत गंभीर बनी हुई है। मृत युवकों के परिवारों में सूचना पहुंची तो वहां कोहराम मच गया क्योंकि परिवार के लोग तो उनके घर लौटने का इंतजार कर रहे थे।
करकुंज तिराहा अब ‘डेथ पॉइंट’ बनता जा रहा है। यह कोई पहला हादसा नहीं है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां आए दिन तेज रफ्तार वाहन दुर्घटनाएं करते हैं, लेकिन स्पीड को कंट्रोल करने के लिए पुलिस की ओर से कोई प्रयास नहीं हुए हैं। शहर के अन्य हिस्सों में भी बेतरतीब स्पीड में वाहन चलाना आम बात हो गई है। सवाल उठता है कि आखिरकार पुलिस कब जागेगी?
- दिल्ली पुलिस के ‘पीस बॉन्ड’ नोटिस के खिलाफ हाईकोर्ट पहुंचीं AISA अध्यक्ष नेहा बोरा: CEC के खिलाफ प्रदर्शनों के बीच तत्काल सुनवाई की मांग - October 19, 2026
- CJP के विरोध प्रदर्शन के बीच केंद्र सरकार ने Meta को दिया कंटेंट रिकमेंडेशन सिस्टम और एल्गोरिदम ठीक करने का निर्देश - October 19, 2026
- आगरा श्रीरामलीला महोत्सव: “रणभूमि में मेघनाद का अंत; लक्ष्मण के प्रहार से धड़ाम गिरा रावण का पुत्र, गूंज उठे ‘जय श्रीराम’ के जयघोष” - October 19, 2026