आगरा: ब्रज क्षेत्र की समृद्ध साहित्यिक धरोहर, कला, लोक संस्कृति और उभरती युवा प्रतिभाओं को सशक्त मंच प्रदान करने के उद्देश्य से 26 और 27 नवंबर को दयालबाग के हीराबाग पार्क में दो दिवसीय ‘बृजधरा साहित्योत्सव एवं अतुल्य हिंदी छात्र सम्मान’ का आयोजन किया जा रहा है।
नगर पंचायत स्वामीबाग के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में धरा चेतना फाउंडेशन एवं डॉ. विजय किशोर बंसल के सहयोग से होने वाले इस महोत्सव में साहित्यिक चर्चाएं, फिल्म स्क्रीनिंग, थिएटर कार्यशाला, काव्य संवाद, नृत्य-संगीत की प्रस्तुतियां और मेधावी छात्रों का सम्मान प्रमुख आकर्षण रहेंगे। महोत्सव के दौरान फिल्म ‘चिड़ी-बल्ला’ के प्रदर्शन के साथ ही सिनेमा की सृजनात्मक यात्रा पर भी गहन विचार-विमर्श किया जाएगा।
आयोजन समिति के चेयरमैन व धरा चेतना फाउंडेशन के अध्यक्ष सतीश चौहान तथा समिति की अध्यक्ष दीपाली सिंह ने जानकारी दी कि इस साहित्योत्सव का मुख्य ध्येय ब्रज के साहित्य, सांस्कृतिक परंपराओं और युवा रचनात्मकता को एक ही मंच पर जोड़ना है। इस दो दिवसीय आयोजन में साहित्यकारों, फिल्मकारों, संगीतकारों, नर्तकियों और शिक्षाविदों सहित विभिन्न क्षेत्रों की जानी-मानी शख्सियतें शिरकत करेंगी।
सचिव अक्षय प्रताप सिंह ने कार्यक्रम की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि पहले दिन 26 नवंबर को सुबह 11 बजे से महोत्सव का शुभारंभ होगा। प्रारंभिक चरण में युवा गायक हर्षित पाठक व उनके सहयोगी कलाकार सुर और ताल की शानदार प्रस्तुति देंगे। इसके उपरांत फिल्म ‘चिड़ी-बल्ला’ दिखाई जाएगी और सिनेमा पर आधारित संवाद सत्र ‘सृजन से पर्दे तक’ में शरद मित्तल मुख्य वक्ता के रूप में अपने विचार रखेंगे।
दोपहर 2:30 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ अतुल्य हिंदी छात्र सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इस सत्र में बरखा और उनके साथी कलाकार पारंपरिक चरकुला नृत्य की प्रस्तुति देंगे, जबकि विद्यार्थी रचनाकार सम्मान के अंतर्गत उभरते युवा लेखकों व रचनाकारों को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा शिक्षा-कला संवाद में सीए राजेश मल्होत्रा और ब्रज साहित्य एवं युवा काव्य सत्र में कवि ईशान देव अपने विचार प्रस्तुत करेंगे।
शाम 6 बजे आयोजित होने वाले सांध्य सत्र में कबीर वंदना-गंधर्व की प्रस्तुति दी जाएगी। इसी सत्र में बरखा सिंह और उनकी टीम मयूर नृत्य तथा होली की लोक-संस्कृति से जुड़ी प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे।
दूसरे दिन सिनेमा निर्माण और रंगमंच कार्यशाला पर रहेगा जोर
महोत्सव की संयोजक गति सिंह ने दूसरे दिन के कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि 27 नवंबर को दिन की शुरुआत भजन-गंधर्व से होगी। इसके बाद ‘कहानी से सिनेमा तक’ विषय पर फिल्म निर्माण एवं रंगमंच कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा, जिसमें राधेश्याम पिपलवा मुख्य वक्ता के तौर पर मार्गदर्शन करेंगे।
दोपहर के सत्र में ‘साहित्य संवाद : समय, समाज और साहित्य’ के तहत आधुनिक दौर में बदलती मानवीय संवेदनाओं पर चर्चा होगी। वहीं शाम को समापन समारोह से पहले होने वाली सांस्कृतिक संध्या में कथक और नाट्य प्रस्तुतियां देखने को मिलेंगी। बेगम अख्तर पुरस्कार से सम्मानित सुधीर नारायण व उनके साथी कलाकार नज़ीर, कबीर और ग़ालिब की चुनिंदा नज़्में व ग़ज़लें पेश करेंगे।
महोत्सव के पोस्टर विमोचन के अवसर पर नगर पंचायत स्वामीबाग की महिला सदस्यों के साथ-साथ संस्था के पदाधिकारी बरखा सिंह, फेलिक्स मसीह, रीता चौहान, कु. नीलम, सरोज, सपना भांबरी, कु. महिमा विश्वकर्मा, अशोक कुमार, कृष्णा जैसवानी, ममता देवी, बया देवी तथा मीडिया समन्वयक डॉ. महेश धाकड़ उपस्थित रहे।
- आगरा तेजाब कांड: 4.5 साल बाद भी न्याय अधूरा, वारंट बिना तामील लौटाने पर अदालत सख्त; पुलिस आयुक्त से मांगा जवाब - November 26, 2026
- आगरा के हीराबाग पार्क में 26-27 नवंबर को ‘बृजधरा साहित्योत्सव’, फिल्म ‘चिड़ी-बल्ला’ की स्क्रीनिंग और हिंदी छात्र सम्मान होगा मुख्य आकर्षण - November 26, 2026
- आगरा के श्यामो में द्वितीय यूथ इंटर-डिस्ट्रिक्ट डायमंड बॉल चैंपियनशिप 2026 का भव्य आयोजन, 17 स्कूलों की टीमों ने दिखाया दमखम - November 26, 2026