लखनऊ और गोरखपुर के बाद उत्तर प्रदेश का तीसरा साइंस पार्क, विद्यार्थियों को मिलेगा एआई, रोबोटिक्स और साइबर सुरक्षा का प्रशिक्षण
आगरा: उत्तर प्रदेश सरकार की “विज्ञान समृद्ध प्रदेश” की नीति के तहत अब ताज नगरी आगरा में भी विज्ञान और तकनीक का नया आयाम जुड़ गया है। कोठी मीना बाजार मैदान के सामने, एसीपी लोहा मंडी कार्यालय के पीछे अत्याधुनिक सुविधायुक्त साइंस पार्क और नक्षत्रशाला के निर्माण का भूमि पूजन और शिलान्यास समारोह विधि-विधानपूर्वक सम्पन्न हुआ।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री अनिल कुमार, केंद्रीय राज्य मंत्री व सांसद प्रो. एस.पी. सिंह बघेल तथा उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने संयुक्त रूप से शिलान्यास किया।
39.62 करोड़ की लागत से बनेगा तीसरा साइंस पार्क
उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय के प्रयासों से आगरा को 39 करोड़ 62 लाख रुपये की लागत से यह परियोजना मिली है। यह उत्तर प्रदेश का तीसरा अत्याधुनिक साइंस पार्क होगा, जो लखनऊ और गोरखपुर के बाद अब आगरा की शैक्षणिक और तकनीकी पहचान को नई दिशा देगा।
शिलान्यास के बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-पूजन कर परियोजना का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के प्रमुख सचिव पंधारी यादव ने सभी अतिथियों का स्वागत स्मृति चिन्ह भेंट कर किया।
विज्ञान, एआई और साइबर सुरक्षा का संगम
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री अनिल कुमार ने बताया कि आगरा की नक्षत्रशाला और साइंस पार्क में विद्यार्थियों व आम जनता को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), रोबोटिक साइंस और साइबर सुरक्षा की आधुनिक तकनीकों से अवगत कराया जाएगा।
यहां “फन विद साइंस गैलरी” एनसीईआरटी और सीबीएसई पाठ्यक्रम से जुड़े प्रयोगों को आकर्षक तरीके से प्रस्तुत करेगी। साथ ही प्राचीन भारतीय विज्ञान गैलरी गणित, चिकित्सा और इंजीनियरिंग में भारत की वैज्ञानिक विरासत को प्रदर्शित करेगी।
योगेंद्र उपाध्याय बोले — आगरा को मिलेगा रोजगार और नवाचार का नया द्वार
उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने बताया कि जब उनके पास विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की जिम्मेदारी थी, तभी इस परियोजना की रूपरेखा तैयार की गई थी। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से प्रस्ताव पारित कर बेसिक शिक्षा विभाग की भूमि को विज्ञान विभाग में स्थानांतरित कराया था।
उन्होंने कहा — “इस पार्क से न केवल छात्र-छात्राओं को आधुनिक विज्ञान की जानकारी मिलेगी, बल्कि स्थानीय युवाओं को रोजगार और स्टार्टअप के अवसर भी प्राप्त होंगे।”
साथ ही उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आगरा के सर्वांगीण विकास के लिए संकल्पित हैं। जल्द ही छत्रपति शिवाजी स्मारक भी दक्षिण विधानसभा में स्थापित होकर सांस्कृतिक पर्यटन का केंद्र बनेगा।
प्रो. एस.पी. सिंह बघेल बोले — खगोल विज्ञान से जुड़ेगा आगरा
केंद्रीय राज्य मंत्री प्रोफेसर एस.पी. सिंह बघेल ने कहा कि नक्षत्रशाला के निर्माण से विद्यार्थियों को खगोलशास्त्र और अंतरिक्ष विज्ञान के रहस्यों को समझने का अवसर मिलेगा। इससे शैक्षिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि “आगरा का साइंस पार्क युवा पीढ़ी के लिए मील का पत्थर साबित होगा।”
इनकी रही उपस्थिति
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से प्रो. एस.पी. सिंह बघेल, अनिल कुमार, योगेंद्र उपाध्याय, भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, रालोद जिला अध्यक्ष गोविंद शर्मा, महानगर अध्यक्ष दुर्गेश शुक्ला, टी.एन. अग्रवाल, डॉ. रामबाबू हरित, निर्मला दीक्षित, हेमंत भोजवानी, नवीन गौतम, धीरज कोहली, राजू कुशवाहा, देवेश पचौरी, विपुल मित्तल, पार्षद रेणु गुप्ता, अनुराग चतुर्वेदी सहित विज्ञान प्रौद्योगिकी विभाग के अधिकारी, भाजपा एवं रालोद पदाधिकारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
नक्षत्रशाला और साइंस पार्क का यह प्रोजेक्ट आगरा को विज्ञान, नवाचार और आधुनिक शिक्षा का नया आयाम देगा — आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का केंद्र बनेगा।
रिपोर्ट- शीतल सिंह
- फरीदाबाद में अग्नि तांडव: केमिकल फैक्ट्री में धमाकों के साथ लगी आग, 35 कर्मचारी झुलसे, 2 की हालत नाजुक - February 16, 2026
- भिवाड़ी अग्निकांड: ‘गारमेंट’ की आड़ में चल रही थी मौत की फैक्ट्री, धमाके से दहली औद्योगिक नगरी; 8 मजदूर जिंदा जले - February 16, 2026
- आगरा में गूंजा सनातन एकता का स्वर: विराट हिंदू सम्मेलन में बोले वक्ता— ‘संगठित समाज ही राष्ट्र की शक्ति’ - February 16, 2026