लखनऊ। ‘भारत माता की जय’ के नारों से बुधवार को लखनऊ की फिजा में देशभक्ति घुल गई। ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद भारतीय जनता पार्टी द्वारा देशभर में निकाली जा रही तिरंगा यात्राओं के क्रम में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई।
दो हजार मीटर लम्बा तिरंगा
इस यात्रा की सबसे खास बात थी- 2000 मीटर लंबा तिरंगा, जिसे हजारों की संख्या में लोगों ने हाथों में थाम रखा था। खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हाथ में तिरंगा लिए भारत माता की जय के नारे लगाते नजर आए। उनके साथ उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, अन्य कैबिनेट सदस्य और भाजपा के वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे।
इस राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत यात्रा में हजारों की संख्या में स्कूली बच्चे, युवाओं और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शहर की सड़कों पर तिरंगे की लहरों ने ऐसा दृश्य रचा कि पूरा लखनऊ देशभक्ति के रंग में रंग गया।
लखनऊ बना तिरंगामय
राजधानी लखनऊ की प्रमुख सड़कों पर तिरंगा यात्रा के दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारे गूंजते रहे। आम लोगों ने भी अपने घरों और दुकानों पर तिरंगे लहराकर यात्रा का स्वागत किया।
मुख्यमंत्री योगी ने इस मौके पर कहा, ये तिरंगा सिर्फ एक झंडा नहीं, ये भारत की आत्मा है। इसे उठाकर चलना, हमारे कर्तव्यों का स्मरण है।
23 राज्यों की राजधानियों में एक साथ निकलीं तिरंगा यात्राएं
भारत ने जब ऑपरेशन सिंदूर के जरिए आतंक के आकाओं को करारा जवाब दिया, तो अब पूरे देश में राष्ट्रभक्ति का रंग और भी गाढ़ा हो गया है। इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी द्वारा पूरे देश में 13 मई से 23 मई तक तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जा रहा है। बुधवार को देश के 23 राज्यों की राजधानियों में एक साथ तिरंगा यात्राएं निकाली गईं, जिनमें केंद्र और राज्य सरकारों के शीर्ष नेता शामिल हुए।
- जनकपुरी महोत्सव में रामलीला मंचन से पहले पुलिस प्रशासन मुस्तैद: अपर पुलिस आयुक्त सचिन्द्र पटेल ने अधिकारियों के साथ किया स्थलीय निरीक्षण - September 24, 2026
- रामकथा करने आए थे, सर्वधर्म कथा करके चले गए…मोरारी बापू की कथा से प्रेरित होकर शोधार्थी राहत जहाँ ख़ानम लिखेंगी पुस्तक ‘कथा एक, राहत अनेक’ - September 24, 2026
- आगरा में चल रहे पंचम गणेश महोत्सव का 11वां दिन: रानी रंग की पोशाक और स्वर्ण मुकुट से सजे भगवान श्री वरद वल्लभा महागणपति - September 24, 2026