पिनाहट कस्बे में दोहरे हत्याकांड की सूचना पर प​हुंची पुलिस

आगरा में लूट के बाद पति-पत्नी की हत्या, कमरे में खून से लथपथ मिलें शव

Crime REGIONAL

आगरा के पिनाहट कस्बे की घटना, मौके पर पहुंचे एस पी पूर्वी सोमेंद्र मीणा

Agra (Uttar Pradesh, India). जनपद के पिनाहट कस्बे में रविवार दोपहर को एक गल्ला व्यापारी और उसकी पत्नी का शव घर में खून से लथपथ पड़ा हुआ मिला। घर में सारा सामान बिखरा पड़ा हुआ था। लूट के बाद दोनों की हत्या की गई है। वहीं दोहरे हत्याकांड की खबर से पुलिस महकमें में हड़कंप मच गया। मौके पर एस पी पूर्व सोमेंद्र मीणा कई थानों की फोर्स के साथ पहुंच गए। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं घटना से गुस्साए व्यापारियों ने बाजार को बंद कर दिया।

ये है घटना
थाना पिनाहट कस्बे के मोहल्ला मार निवासी सुरेश गुप्ता 70 वर्ष गल्ला व तेल मिल के व्यापारी थे। वह शानिवार को अपने पुत्र के पास आगरा गए थे। वहां से शाम चार बजे वापस आ गए। इसके बाद उन्होंने मिल को खोला। शाम साढ़े 7 बजे मिल को बंद करके घर चले गए। सुरेश गुप्ता हमेशा जल्दी दुकान खोल लेते थे। लेकिन रविवार दोपहर 12 बजे तक वह मिल खोलने के लिए दुकान पर नहीं आयें। ना ही कोई घर से बाहर निकला। इस पर पडोसी उनके घर पर गए।

खून से लथपथ मिलें शव
घर का दरवाजा खोलते ही पडोसियों के होश उड़ गए। कमरे में सुरेश गुप्ता व उनकी पत्नी कृष्णा 65 वर्ष का शव खून से लथपथ पड़ा हुआ था। वहीं घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था। शोर सुनकर अन्य लोग भी मौके पर आ गए। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम पर दी। व्यापारी पति-पत्नी की हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर एस पी ग्रामीण पूर्वी सोमेंद्र मीणा कई थानों की फोर्स के साथ पहुंच गए। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं घटना से पिनाहट कस्बे के व्यापारियों में रोष व्याप्त है। उन्होंने बाजार को बंद कर दिया है। व्यापारियों ने जल्द से जल्द घटना का खुलासा करने की मांग की है। वहीं व्यापारी के घर में कोहराम मच गया है।

ये बोले पुलिस अधिकारी
एस पी पूर्वी सोमेंद्र मीणा ने बताया है कि पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। घर में लूटपाट हुई है। इसी को लेकर दोनों की हत्या की गई है। पुलिस आस-पास के घरों में लग रहे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।