आगरा: ताजनगरी की प्रतिष्ठित साहित्यिक संस्था ‘चित्रांशी’ ने वर्ष 2026 के अपने वार्षिक सम्मानों की घोषणा कर दी है। संस्था के अध्यक्ष तरुण पाठक की अध्यक्षता में हुई बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस वर्ष का ‘चित्रांशी फ़िराक़ इंटरनेशनल अवार्ड’ देश के ख्यातनाम शायर और मुशायरों की जान कहे जाने वाले मंसूर उस्मानी (मुरादाबाद) को प्रदान किया जाएगा।
साहित्यकार अरुण डंग का भी होगा सम्मान
अदब की दुनिया में विशिष्ट योगदान के लिए दिया जाने वाला ‘स्व. के.सी. श्रीवास्तव सम्मान 2026’ आगरा के वरिष्ठ साहित्यकार अरुण डंग की झोली में गया है। संस्था ने उनके दीर्घकालीन साहित्यिक अवदान को रेखांकित करते हुए यह निर्णय लिया है।
25 अप्रैल को सजेगी महफिल
सम्मान समारोह का भव्य आयोजन 25 अप्रैल 2026 को ताजनगरी के होटल ग्रांड में होगा। इस शाम को और भी यादगार बनाने के लिए एक ‘अखिल भारतीय मुशायरे’ का आयोजन भी किया जाएगा। संस्था के सचिव अमीर अहमद एडवोकेट ने बताया कि इस बार मुशायरे में उर्दू शायरी के साथ-साथ हिंदी गीतों का तड़का भी लगेगा, जिसके लिए देश के प्रमुख गीतकारों से संपर्क किया जा रहा है।
स्व. ताहिर फ़राज़ को दी श्रद्धांजलि
बैठक के समापन पर संस्था के सदस्यों ने फ़िराक़ अवार्ड से सम्मानित दिवंगत शायर ताहिर फ़राज़ के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई और साहित्य जगत के लिए उनके योगदान को याद किया गया।
बैठक में इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति:
इस महत्वपूर्ण निर्णय के दौरान ई. जीडी शर्मा, डॉ. सिराज क़ुरैशी, कर्नल जीएम ख़ान, प्रो. मुहम्मद हुसैन, डॉ. महेश धाकड़ और रूपेश कुलश्रेष्ठ एडवोकेट सहित कई गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
- गणेश महोत्सव का दूसरा दिन: स्वर्ण मुकुट, कुंडल और लाल वस्त्रों में सजे महागणपति के दिव्य स्वरूप ने मोहा भक्तों का मन - September 15, 2026
- आगरा के जनकपुरी महोत्सव को मिला 12 करोड़ का ऐतिहासिक विकास बजट, महापौर हेमलता दिवाकर ने क्षेत्र में विभिन्न कार्यों का किया उद्घाटन - September 15, 2026
- 3,400 करोड़ के मालिक बीजेपी विधायक बने ‘भिखारी’: सड़क पर उतरकर मांगी भीख, वजह जानकर रह जाएंगे हैरान - September 15, 2026