आगरा, 18 अप्रैल। कमला नगर वार्ड 94 ईएफजी ब्लॉक से भाजपा प्रत्याशी प्रदीप अग्रवाल का निर्विरोध चुना जाना तय हो गया है। हालांकि इसकी आधिकारिक घोषणा 20 अप्रैल को देर शाम तक होगी। प्रदीप के खिलाफ किसी अन्य दल के या निर्दलीय प्रत्याशी ने पर्चा नहीं भरा। शहर के इतिहास में नगर निगम चुनावों में पहली बार कोई पार्षद निर्विरोध घोषित हो रहा है।
कमला नगर के शुभम एनक्लेव नटराजपुरम के रहने वाले 46 वर्षीय प्रदीप अग्रवाल पुत्र कैलाश चंद्र अग्रवाल के सामने किसी भी अन्य व्यक्ति ने वार्ड 94 से नामांकन नहीं किया है। प्रदीप अग्रवाल का कहना है कि क्षेत्र की जनता ने मुझे अपने सम्मान और प्यार से नवाजा है। इसीलिए मेरे सामने इस बार कोई भी प्रत्याशी विरोध में खड़ा नहीं हुआ और मुझे यह निर्विरोध जीत मिल रही है।
प्रदीप अग्रवाल पहली बार पार्षद का चुनाव नहीं लड़ रहें, बल्कि वह अब तक इसी क्षेत्र से तीन बार भाजपा से पार्षद हो चुके हैं। वर्ष 2006 में पहली बार उन्होंने भाजपा की टिकट पर पार्षद का चुनाव लड़ा और 800 वोट से विजय हासिल की। इसके बाद वर्ष 2012 में फिर से भाजपा ने टिकट दिया और 1600 वोट से जीतकर वह पार्षद बने। तीसरी बार 2017 में फिर से वह भाजपा की टिकट पर क्षेत्र से पार्षद का चुनाव लड़े और करीब 3400 वोट से जीत हासिल की। उनका कहना है कि साल दर साल क्षेत्र की जनता ने मुझे इतना सम्मान दिया कि जीत का आंकड़ा दोगुना होता गया। लेकिन इस बार मुझे निर्विरोध चुनाव जीतने का अवसर मिला है। मैं क्षेत्रीय जनता का आभारी हूं कि उन लोगों ने मुझे इस लायक समझा और मेरे सामने किसी भी प्रतिद्वंदी को नहीं खड़ा किया।
उन्होंने बताया कि मैंने हमेशा से भारतीय जनता पार्टी के बैनर तले अपने क्षेत्र की जनता को पूर्ण सम्मान दिया है। उनके हर काम, सुख-दुख सभी में उनके साथ कदम से कदम मिलाकर चला हूं। मेरे क्षेत्र में विकास का नारा है ‘कोई गली कच्ची नहीं, कोई खंभा खाली नहीं, कोई पार्क विकास से बचा नहीं’। उनका कहना है कि मेरी जीत का सिर्फ एक ही मूल मंत्र है ‘सहज उपलब्ध और सरल व्यवहार।’ अपने क्षेत्र के किसी भी व्यक्ति से आपका संपर्क सहज होना चाहिए। अगर आपके क्षेत्र के लोग आपसे मिलने में ही परेशानी झेल रहे हैं तो आपके पार्षद होने का कोई फायदा नहीं।
- आगरा में खेत का रास्ता रुकने से भड़का किसान परिवार: निर्माणाधीन बिजली टावर पर चढ़ा फौजी का बेटा, मची अफ़रातफ़री - October 30, 2026
- आगरा में PET-2026 की शुरुआत: कठिन सवालों में उलझे परीक्षार्थी, बारिश और ट्रैफिक से बेपटरी हुई शहर की रफ्तार - October 30, 2026
- 45 हजार से ज्यादा अभ्यर्थी, बारिश और ट्रैफिक का ट्रिपल अटैक: आगरा में PET-2026 के पहले दिन बेपटरी हुई यातायात व्यवस्था - October 30, 2026