मलपुरा में खोला गया सिलाई प्रशिक्षण एवं रोजगार केन्द्र
Agra (Uttar Pradesh, India)। राष्ट्रीय वंचित पार्टी के सहयोग से मलपुरा, आगरा में सिलाई प्रशिक्षण एवं रोजगार केंद्र का शुभारंभ जिला अध्यक्ष दिलीप तिवारी ने किया। इस मौके पर उन्होंने उपस्थित जनता को संबोधित करते हुए कहा कि हमारी पार्टी वंचितों के हितों के लिए समर्पित है। हमारी पार्टी का मानना है कि वंचित ही दलित है। रोटी, कपड़ा, मकान की प्राथमिक आवश्यकताओं से वंचित ही सही मायने में विकास का हकदार है।
किसी भी घर में भूख न हो
श्री तिवारी ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुशील कुमार यादव के शब्दों का अनुमोदन करते हुए कहा कि जो अपने चश्मे से बुझा हुआ चूल्हा नहीं देख सकता वह कुछ नहीं कर सकता। पार्टी का हर क्षण प्रयास है कि किसी भी घर में भूख न हो तभी हम सबको साथ लेकर विकास का सपना देख सकेंगे। भूख शांत होगी तभी व्यक्ति स्वयं के ऊपर उठकर समाज तथा देश के बारे में सोचेगा और साथ देगा।
फीते की गांठ खोलकर दिया उद्घाटन
श्री तिवारी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष की विचारधारा का अनुसरण करते हुए सिलाई केंद्र का उद्घाटन फीता काटकर नहीं बल्कि फीते की गांठ खोलकर किया। इसके पीछे संगठित होने की सकारात्मक विचारधारा का संदेश है। काटना या टुकड़े करना समाज को बांटने की सोच को जन्म देता है, जबकि गांठ खोलना हर भेदभाव भुलाकर एकजुट होने के लिए प्रेरणा देता है, जैसे कोई दोनों बाहें फैलाकर आत्मनिर्भर बनाने का आमंत्रण दे रहा है।

रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में सार्थक प्रयास
श्री तिवारी ने उपस्थित जनता से अपील की कि राष्ट्रीय वंचित पार्टी के साथ मिलकर अपराध, गरीबी और बेरोजगारी मुक्त भारत का निर्माण करें। इसी दिशा में एक कदम बढ़ाते हुए सिलाई प्रशिक्षण एवं रोजगार केंद्र का उद्घाटन किया गया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रशिक्षण केंद्र रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में सार्थक प्रयास करेगा।
राज्य सरकार की योजनाओं से लाभान्वित कराएंगे
कार्यक्रम में समाजसेवी विनोद कुमार शर्मा ने कहा कि इस केंद्र के माध्यम से राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से भी आप सभी को लाभान्वित कराने की दिशा में कार्य किया जाएगा। केन्द्र निदेशक प्रीति कुमारी, टीकम सिंह राजपूत, जिला मंत्री सुरेश चंद्र, करतार सिंह अनुभव तथा प्रशिक्षण के लिए इच्छुक महिलाएं मौजूद थीं।
- Ultimate rahapelikokemus Pelikaani Casinolla Suomessa - October 31, 2026
- Age Check Tech Behind Big Bass Splash Slot in UK - October 31, 2026
- Betninja Casino – Thinking of Joining Reliable Online Casino in United Kingdom Choose Us - October 30, 2026