आगरा: संस्कार भारती, आगरा महानगर (ब्रज प्रांत) के तत्वावधान में जयपुर हाउस स्थित माधव भवन में 24वीं नमन काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया। संत एवं कवि रविदास (रैदास) जी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ आरंभ हुई इस साहित्यिक संध्या में आगरा सहित विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे कवियों और साहित्यकारों ने अपनी कविताओं के जरिये सामाजिक विसंगतियों, मानवीय संवेदनाओं, प्रेम, मातृत्व की ममता और बदलते जीवन मूल्यों को स्वर दिया।
समारोह का शुभारंभ संस्कार भारती के अखिल भारतीय अधिकारी एवं प्रचारक माननीय बांकेलाल गौड़, आचार्य यादराम सिंह कविकिंकर, वरिष्ठ कवि एवं साहित्यकार डॉ. ब्रज बिहारी लाल ‘बिरजू’, वरिष्ठ कवयित्री विजया तिवारी तथा प्रांतीय महामंत्री नन्द नन्दन गर्ग ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
एकल काव्यपाठ के दौरान प्रभुदत्त उपाध्याय ने आधुनिक जीवन में बढ़ती दूरियों और औपचारिक होते संबंधों पर कटाक्ष करते हुए कहा—
“आदमी से दूर कितना हो चला है आदमी।
रोज टच में हैं मगर टच में नहीं है आदमी।”
वरिष्ठ कवि अशोक गोयल ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत करने के साथ अपनी रचना में कवि, कलम और सृजन की सार्थकता को मां भारती की श्रेष्ठ कृतियों से जोड़ा। उन्होंने प्रस्तुत किया
“रथ तरसते रहे सारथी के लिए।
हुई विकल प्रार्थना आरती के लिए।”
ब्रजभाषा की वरिष्ठ कवयित्री मीना शर्मा ने सतयुग से कलयुग तक मन, वचन और कर्म से संघर्षरत रहने के बावजूद समाज में उठते प्रश्नों को अपनी कविता के माध्यम से श्रोताओं के सामने रखा।
व्यंग्य, मातृत्व की ममता और राधा-कृष्ण के प्रेम प्रसंग
एकल काव्यपाठ में राकेश शर्मा ‘दद्दू’ ने मानवीय मूल्यों के क्षरण पर व्यंग्य करते हुए पंक्तियां पढ़ीं—
“खुदा ने ऐसी दी संतान,
शरम से झुक गया हर इंसान।”
कवयित्री अलका शर्मा ने पूस की कड़ाके की सर्दी में खुले आसमान के नीचे जीवन बिताने को विवश गरीबों की पीड़ा को अपनी रचना में शब्द दिए। उन्होंने कहा—
“वो पूस की रात ठहर जाती है जिंदगी,
कोई नहीं सुनता उनकी पुकार।”
ब्रजभाषा के वरिष्ठ कवि डॉ. ब्रज बिहारी लाल ‘बिरजू’ ने प्रेम को जीवन की पतवार बताते हुए उसके व्यावसायीकरण पर प्रहार किया। उनकी रचना की पंक्तियां रहीं—
“प्यार पतवार है, मझधार नहीं है।
प्यार इकरार है, इनकार नहीं है।”
गोष्ठी का संचालन कर रहे कवि संजय कुमार एडवोकेट ने मां के प्रति प्रेम और समर्पण को अपनी कविता में पिरोया—
“मेरा मेरी मां के कदमों में सारा संसार है,
मेरे जीवन की बस ये ही पहचान है।”
मैनपुरी से पधारे गीतकार जसमीत मोहन ने राधा-कृष्ण के प्रेम प्रसंग को गीतात्मक शैली में प्रस्तुत किया, जिसने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया—
“राधा देख रही है दरपन,
लाज से पानी-पानी है।”
इन रचनाकारों व साहित्यप्रेमियों की रही सहभागिता
काव्य गोष्ठी में संस्कार भारती के अखिल भारतीय अधिकारी एवं प्रचारक बांकेलाल गौड़, वरिष्ठ कवयित्री विजया तिवारी, प्रांतीय महामंत्री नन्द नन्दन गर्ग, सुरेन्द्र कुमार झा (टूंडला), चित्रकार एवं कवयित्री रश्मि सिंह, आचार्य उमाशंकर पाराशर, प्रकाश गुप्ता ‘बेबाक’, राजीव शर्मा ‘निस्पृह’, इंजीनियर अजय कुमार मिश्रा ‘अजेय’, मोहिनी भटनागर, डॉ. राजेन्द्र दवे, रूपेश कुलश्रेष्ठ ‘स्नेह’, राकेश शर्मा ‘निर्मल’, राजीव क्वात्रा ‘आगरावासी’, भूपेश कुमार वर्मा, डॉ. राजेन्द्र कुमार दवे, सुश्री शारदा तथा हरीश कुमार सिंह भदौरिया सहित अन्य रचनाकारों ने भी काव्यपाठ किया।
कार्यक्रम का संचालन संजय कुमार एडवोकेट और अलका शर्मा ने संयुक्त रूप से किया, जबकि संयोजन प्रभुदत्त उपाध्याय ने संभाला। सरस्वती वंदना वरिष्ठ कवि अशोक गोयल ने प्रस्तुत की और धन्यवाद ज्ञापन कोषाध्यक्ष राजीव सिंघल ने किया।
इस अवसर पर सतीश चन्द गुप्ता, कोषाध्यक्ष राजीव सिंघल, इंजीनियर संदीप बंसल, प्रदीप सिंघल, नन्द किशोर, ललित कुमार, अमित भटनागर, हुकम सिंह, वन्दना बंसल, मुकेश चन्द शर्मा, जग मोहन गुप्ता, दीपक गर्ग, डॉ. यशोयश, विजय पाल सिंह, अनिल भटनागर, लक्ष्मण सिंह वर्मा और राम अवतार शर्मा सहित बड़ी संख्या में साहित्यप्रेमी मौजूद रहे।
- आगरा कॉलेज का मेट्रो प्रशासन को कड़ा संदेश: तय सीमा से 1 इंच अतिरिक्त जमीन भी नहीं मिलेगी, नुकसान का भी लेंगे मुआवजा; 10 मांगों पर सोमवार तक मांगा लिखित जवाब - November 28, 2026
- आगरा में संस्कार भारती की 24वीं नमन काव्य गोष्ठी: संत रविदास को नमन के बीच रचनाकारों ने उकेरीं सामाजिक संवेदनाएं, ममता व प्रेम के रंग - November 28, 2026
- आगरा में 28-29 नवंबर को 62वां ‘निनाद संगीत महोत्सव’: 10 राज्यों के 300 कलाकार दिखाएंगे प्रतिभा, शास्त्रीय संगीत से कथक तक के सजेंगे सुर - November 28, 2026