₹450 करोड़ की लागत से नवसारी के सुपा में बनेगा ‘दृष्टि धाम’: सालाना 1.20 लाख नेत्र सर्जरी का लक्ष्य

PRESS RELEASE

मुंबई। आंखों की रोशनी केवल देखने का साधन नहीं, बल्कि जीवन में आगे बढ़ने और सपनों को साकार करने की बड़ी उम्मीद भी है। इसी संकल्प को आगे बढ़ाते हुए स्वामी विवेकानंद नेत्र मंदिर ट्रस्ट ने ‘विज़न फॉर एवरी होम’ पहल के अंतर्गत देशभर में 108 नेत्र देखभाल केंद्र स्थापित करने की योजना बनाई है। लगभग 450 करोड़ रुपये की लागत से गुजरात के नवसारी जिले के सुपा गांव में बनने वाला सुपर-स्पेशलिटी नेत्र अस्पताल ‘दृष्टि धाम’ इस व्यापक अभियान का अहम हिस्सा होगा।

​वंचित वर्ग तक गुणवत्तापूर्ण नेत्र उपचार पहुंचाने का लक्ष्य

​ट्रस्ट के चेयरमैन डॉ. भाविनभाई पटेल ने बताया कि संस्थान का प्रमुख उद्देश्य नेत्र रोगों से ग्रस्त मरीजों की पीड़ा कम करना और उनके जीवन में खुशहाली लाना है। उन्होंने कहा कि समाज के सबसे वंचित तबके तक उच्चस्तरीय नेत्र चिकित्सा सेवाएं—चाहे वे निःशुल्क हों या रियायती दरों पर—पहुंचाना ट्रस्ट की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

​अस्पताल की क्षमता और प्रस्तावित सुविधाएं

​’दृष्टि धाम’ परिसर को आधुनिक चिकित्सा मानकों के अनुरूप विकसित किया जाएगा:

​क्षमता व संसाधन: 200 बिस्तरों, 21 ऑपरेशन थिएटर और 64 ओपीडी (OPD) की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

​सर्जरी का लक्ष्य: संस्थान प्रतिवर्ष 1.20 लाख नेत्र सर्जरी करने में सक्षम होगा।

​बाल देखभाल व पुनर्वास: बच्चों के नेत्र उपचार के साथ-साथ शिक्षा और पुनर्वास से जुड़ी सुविधाएं भी यहां तैयार की जाएंगी।

​अब तक 51 हजार से अधिक मुफ्त मोतियाबिंद सर्जरी, सुपा में राम कथा

​ट्रस्ट के अनुसार, अब तक 51,376 से अधिक मोतियाबिंद के सफल ऑपरेशन निःशुल्क किए जा चुके हैं। इस सेवा प्रकल्प को गति और संबल प्रदान करने के लिए 5 से 13 दिसंबर 2026 तक सुपा में पूज्य मोरारी बापू की राम कथा का आयोजन प्रस्तावित है। यह पहल चिकित्सा सेवाओं और मानवीय संवेदना के समन्वय से नेत्र रोगियों के जीवन में नई रोशनी लाने के उद्देश्य से आगे बढ़ाई जा रही है।

-अनिल बेदाग

Dr. Bhanu Pratap Singh