‘सफलता अकेले की उपलब्धि नहीं’: गुरुपर्व पर अभिनेत्री अलंकृता सहाय ने दिया निस्वार्थ सेवा का संदेश

ENTERTAINMENT

मुंबई। प्रकाश पर्व यानी गुरुपर्व के पावन और शुभ अवसर पर अभिनेत्री अलंकृता सहाय ने गुरु नानक देव जी की महान शिक्षाओं को अपने जीवन का पथ-प्रदर्शक बताते हुए आस्था, विनम्रता और निस्वार्थ सेवा का संदेश दिया है। इस पवित्र दिन पर अलंकृता ने अपने बचपन के उन पलों को याद किया, जब वे गुरुद्वारे जाकर शबद-कीर्तन सुना करती थीं और लंगर सेवा में भाग लेती थीं। उन्होंने कहा कि ये बचपन के अनुभव आज भी उनके भीतर एक अनोखी शांति, सकारात्मकता और अपनेपन का अहसास कराते हैं।

ग्लैमर वर्ल्ड में संतुलन का जरिया बनीं गुरु जी की शिक्षाएं

फिल्म इंडस्ट्री की निरंतर प्रतिस्पर्धात्मक और भागदौड़ भरी जिंदगी में अलंकृता सहाय गुरु नानक देव जी के विचारों को अपने मानसिक संतुलन का सबसे मजबूत आधार मानती हैं। उनका कहना है कि चकाचौंध से भरी इस दुनिया में जमीन से जुड़े रहना और दूसरों के प्रति सहानिभूति रखना बेहद जरूरी है, जो उन्हें गुरु जी के बताए मार्ग से सीखने को मिलता है।

​”सफलता में सबका सहयोग और आशीर्वाद शामिल होता है”

अपने अनुभवों और जीवन के दृष्टिकोण को साझा करते हुए अलंकृता ने स्पष्ट किया कि कोई भी सफलता केवल व्यक्तिगत प्रयास की उपलब्धि नहीं होती। किसी भी व्यक्ति की कामयाबी के पीछे अनेक लोगों का निस्वार्थ सहयोग, मार्गदर्शन और बड़ों का आशीर्वाद समाहित होता है। उन्होंने कहा कि साझा करने (वंड छको) और निस्वार्थ भाव से समाज की सेवा करने की गुरु नानक देव जी की सीख आज के दौर में और भी अधिक प्रासंगिक हो गई है।

-अनिल बेदाग

Dr. Bhanu Pratap Singh