लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के मद्देनजर समाजवादी पार्टी ने अपना चुनावी घोषणापत्र जारी कर दिया है। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार, 26 नवंबर को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ‘जन-मन का मैनिफेस्टो’ पेश किया, जिसे ‘सत्ताइस का संकल्प, पीडीए का प्रणपत्र’ नाम दिया गया है। सपा के इस घोषणापत्र में महिलाओं, युवाओं, किसानों, कर्मचारियों और पिछड़े-दलित-अल्पसंख्यक वर्गों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया है। इसमें महिलाओं को हर साल 40 हजार रुपये पेंशन, घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट मुफ्त बिजली और पुरानी पेंशन योजना बहाल करने जैसे प्रमुख वादे किए गए हैं।
घोषणापत्र जारी करते वक्त क्या बोले अखिलेश यादव?
इस अवसर पर अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी जो घोषणापत्र तैयार करती है, उसे जमीन पर लागू भी करती है; जरूरत पड़ने पर जो नहीं कहा है, वह भी करेंगे। उन्होंने कहा कि हमने देश का सबसे अच्छा मॉल बनाया और लखनऊ में वर्ल्ड क्लास इकाना स्टेडियम बनाया। साथ ही उन्होंने कहा कि हमने लखनऊ को हब बनाया। अखिलेश यादव ने यह भी बताया कि समाजवादी पार्टी शहरों की जरूरतों के मुताबिक अलग-अलग घोषणापत्र लेकर आएगी और इसके अलावा महिलाओं यानी आधी आबादी के लिए भी अलग से घोषणापत्र जारी किया जाएगा।
अखिलेश यादव ने कहा कि पीड़ा ही पीडीए के लोगों को एक सूत्र में पिरोती है—जितनी पीड़ा बढ़ेगी, पीडीए उतना ही मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर ने शोषण और अन्याय के खिलाफ लड़ने के लिए जो संविधान दिया है, वह लोहे की तलवार से भी कहीं अधिक ताकतवर है। संविधान ही संजीवनी, संवैधानिक कवच और सबसे बड़ी ढाल है। उनके अनुसार, संविधान है तो सुरक्षा, शक्ति, अधिकार और सम्मान है, इसलिए पीडीए के लिए संविधान की रक्षा जन्म-मरण का विषय है।
निःशुल्क इलाज, रोजगार और पुरानी पेंशन पर विशेष जोर
प्रणपत्र की अहम घोषणाओं में हर जरूरतमंद, बीमार नागरिक, गर्भवती महिलाओं, जच्चा-बच्चा और बुजुर्गों को गुणवत्तापूर्ण मुफ्त स्वास्थ्य सेवाएं देने का वादा शामिल है। साथ ही प्रभावी एंबुलेंस सेवा सुनिश्चित करने की बात कही गई है। महिलाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के साथ उनकी सुरक्षा, सम्मान और शिक्षा को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया गया है।
सरकारी और निजी क्षेत्र में युवाओं व अभ्यर्थियों के लिए निष्पक्ष रोजगार के अवसर बढ़ाने, छात्रवृत्ति, कौशल प्रशिक्षण, विदेश में पढ़ाई, खेल और कला के क्षेत्र में आर्थिक मदद तथा स्टार्टअप को बढ़ावा देने की बात कही गई है। शिक्षा व्यवस्था को पारदर्शी बनाने, परीक्षाओं को नियमित रूप से कराने और बंद हुए प्राथमिक विद्यालयों को फिर से खोलने का वादा भी किया गया है। शिक्षामित्रों, अनुदेशकों और शिक्षकों को सम्मानजनक वेतन व स्थायी नौकरी देने के साथ आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, नर्सिंग स्टाफ, संविदा और आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के समायोजन, सामाजिक सुरक्षा तथा पुरानी पेंशन लागू करने का संकल्प भी प्रणपत्र में शामिल किया गया है।
किसान आंदोलन की छठी वर्षगांठ पर शहीदों को किया नमन
अखिलेश यादव ने 26 नवंबर 2020 को शुरू हुए किसान आंदोलन की छठी वर्षगांठ का उल्लेख करते हुए आंदोलन में शहीद हुए 700 किसानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने लखीमपुर खीरी में मारे गए किसानों और पत्रकार को भी याद किया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा किसानों के संघर्ष में उनके साथ खड़ी रही है। किसानों के परिश्रम का सम्मान करते हुए उनकी फसल का लाभकारी मूल्य और समय पर भुगतान सुनिश्चित करने का वादा किया गया है, वहीं मजदूरों को भी उनकी मेहनत का उचित दाम दिलाने की बात कही गई है।
आधुनिक पुलिसिंग, महिला सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं पर फोकस
कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए पुलिस व्यवस्था को आधुनिक एआई तकनीक, बॉडी कैमरा, सीसीटीवी नेटवर्क, फॉरेंसिक लैब और डेटा आधारित पुलिसिंग से लैस करने का वादा किया गया है। पुलिस को राजनीतिक दबाव, जातिगत भेदभाव, भ्रष्टाचार और हिरासत में हिंसा से मुक्त करने की बात कही गई है। महिला सुरक्षा के लिए 1090 और 112 जैसी हेल्पलाइन को अधिक प्रभावी व जवाबदेह बनाने के साथ फास्ट ट्रैक अदालतों के जरिए त्वरित न्याय दिलाने का संकल्प लिया गया है।
विकास के मोर्चे पर गांवों और शहरों में सड़क, पुल, रेल, हवाई संपर्क, हाईवे, मेट्रो, रोपवे, आधुनिक मंडी, सस्ती बिजली, पानी और इंटरनेट जैसी सुविधाएं पहुंचाने की बात कही गई है। नए गांवों को बिजली, पानी, सीवर, सड़क, वाईफाई, सीसीटीवी और स्ट्रीट लाइट जैसी सुविधाओं से युक्त करने का भी वादा किया गया है।
एआई, पर्यावरण और कलाकारों के सम्मान का एजेंडा
अखिलेश यादव ने एआई के सकारात्मक उपयोग पर बल देते हुए कहा कि तकनीक से लोगों का जीवन सुरक्षित, सरल और सुविधाजनक बनाया जाएगा, साथ ही रोजगार व जीवनशैली पर पड़ने वाले नकारात्मक प्रभावों को कम करने का प्रयास होगा। पर्यावरण संरक्षण, नवीकरणीय ऊर्जा, जल संरक्षण और मिट्टी के स्वास्थ्य के प्रबंधन को भी प्राथमिकता दी जाएगी।
कलाकारों, अभिनेताओं, रंगकर्मियों, गायकों, खिलाड़ियों, शिल्पकारों, शिक्षाविदों, वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं, डॉक्टरों, इंजीनियरों, अधिवक्ताओं और पत्रकारों सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वालों के सम्मान के लिए योजनाएं बनाने की बात कही गई है। इसके साथ ही यश भारती सम्मान को अधिक पुरस्कार राशि के साथ दोबारा शुरू करने का संकल्प भी लिया गया है।
अखिलेश यादव ने कहा कि पीडीए का मकसद उत्तर प्रदेश को सामाजिक न्याय, समानता, भाईचारे, प्रेम और सौहार्द पर आधारित समावेशी प्रदेश बनाना है। नई पीढ़ी यानी जेनजी और जेन अल्फा की आकांक्षाओं को भी इस प्रणपत्र में स्थान दिया गया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर घोषणापत्र के वादों को धरातल पर उतारा जाएगा और बदलती जरूरतों के हिसाब से नए फैसले भी लिए जाएंगे।
- सपा का ‘सत्ताइस का संकल्प, पीडीए का प्रणपत्र’ जारी: महिलाओं को 40 हजार सालाना पेंशन, 300 यूनिट मुफ्त बिजली और पुरानी पेंशन बहाली का वादा - November 26, 2026
- बल्केश्वर के श्री सर्वतोभद्र जिनालय में मुनिश्री समत्व सागर जी महाराज ससंघ का भव्य मंगल प्रवेश, 27 नवंबर को होगा नवग्रह विधान - November 26, 2026
- सपा घोषणापत्र विमोचन में छलका आजम खान का दर्द: ‘एक आधा जिंदा आदमी खड़ा है, पांच साल की कैद ने दिल-दिमाग झकझोर दिया’ - November 26, 2026