आगरा। मंडल में विकास योजनाओं की धीमी रफ्तार, लंबित प्रस्तावों और योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही को लेकर मंडलायुक्त नगेन्द्र प्रताप ने सख्त रुख अपनाया है। सोमवार को लघु सभागार में उनकी अध्यक्षता में आयोजित मंडलीय समीक्षा बैठक में आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद और मैनपुरी के विकास कार्यों, जनशिकायतों के निस्तारण तथा विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। अपेक्षित प्रगति न मिलने पर अधिकारियों को कार्य में गति लाने और निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
आईजीआरएस रैंकिंग में आगरा मंडल को मिला 10वां स्थान
बैठक का आगाज आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज शिकायतों और उनके निस्तारण की समीक्षा से हुआ। पिछले महीने की अपेक्षा आगरा मंडल की रैंकिंग में सुधार दर्ज किया गया है और मंडल ने 10वां स्थान हासिल किया है। मंडलायुक्त ने इस सुधार को कायम रखने के लिए हर शिकायत में आवेदकों से अनिवार्य रूप से संपर्क करने, निस्तारण के बाद फीडबैक लेने और संतुष्ट शिकायतकर्ताओं का प्रतिशत बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का निस्तारण महज औपचारिकता न होकर गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए।
गो-संरक्षण केंद्र, पंचायती राज व शिक्षा विभाग की समीक्षा
पशुपालन विभाग की समीक्षा के दौरान निर्माणाधीन वृहद गो-संरक्षण केंद्रों की स्थिति पर चर्चा हुई। मंडलायुक्त ने आगरा में बलाई स्थित प्रस्तावित गो-संरक्षण केंद्र के बजाय ग्राम खेड़ा राठौर में चिन्हित भूमि पर शीघ्र निर्माण कार्य प्रारंभ कराने के निर्देश दिए। वहीं मथुरा के बढ़ौता में प्रस्तावित वृहद गो-संरक्षण केंद्र की निविदा (टेंडर) प्रक्रिया जल्द पूरी करने को कहा गया।
पंचायती राज विभाग की पंचायत प्रतिपूर्ति एवं प्रोत्साहन योजना के तहत निदेशालय स्तर पर केवल फिरोजाबाद से प्रस्ताव भेजे जाने पर मंडलायुक्त ने नाराजगी व्यक्त की।
आगरा, मैनपुरी और मथुरा से प्रस्ताव न भेजे जाने पर संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब किया गया। ठोस व तरल अपशिष्ट प्रबंधन में आगरा और मथुरा की प्रगति सबसे कम पाए जाने पर दोनों जिलों को काम में तेजी लाने को कहा गया। वहीं प्राथमिक शिक्षा विभाग में ऑपरेशन कायाकल्प के तहत मथुरा व मैनपुरी के चार अवशेष विद्यालयों को फर्नीचर से संतृप्त करने तथा आगरा व मैनपुरी के 445 अवशेष विद्यालयों में फर्नीचर उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
आयुष्मान कार्ड, सोलर रूफटॉप और आवास योजनाओं पर जोर
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत गोल्डन कार्ड बनाने की रफ्तार बढ़ाने के निर्देश दिए गए। मथुरा में कार्ड बनाने की गति तेज करने के साथ ही मंडल के चारों जिलों में शेष पात्र वरिष्ठ नागरिकों के आयुष्मान कार्ड बनाने को कहा गया, ताकि पात्र लोगों को उपचार की सुविधा मिल सके। अतिरिक्त ऊर्जा विभाग में सरकारी भवनों पर रेस्को मॉडल के तहत सोलर रूफटॉप लगाने की धीमी प्रगति पर निदेशालय से समन्वय कर कार्य तेज करने के निर्देश दिए गए।
ग्राम्य विकास विभाग की समीक्षा में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में लक्ष्य के सापेक्ष शेष आवासों की स्वीकृति जल्द पूरी करने तथा मुख्यमंत्री आवास योजना में लक्ष्य के अनुसार शत-प्रतिशत प्रथम किस्त जारी करने को कहा गया। बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक मंडल में 8,711 स्वयं सहायता समूहों का बैंक क्रेडिट लिंकेज कराया जा चुका है। मंडलायुक्त ने समूहों के गठन और बैंक लिंकेज में और तेजी लाने तथा वीबी-जी राम जी योजना के तहत मथुरा में प्रगति बढ़ाने पर बल दिया।
उद्यमी योजनाओं में लक्ष्य से अधिक वितरण, अन्नपूर्णा भवनों पर भी निर्देश
उद्योग विभाग की समीक्षा में जानकारी दी गई कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी अभियान योजना और मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत चारों जिलों में लक्ष्य से अधिक वितरण किया गया है। मंडलायुक्त ने लाभार्थियों तक योजनाओं का प्रभावी लाभ पहुंचाने और शेष वितरण पूरा करने के निर्देश दिए।
महिला कल्याण विभाग की रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष योजना में नोडल पुलिस अधिकारी व मेडिकल ऑफिसर स्तर पर लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण कर डीएससी में प्रस्तुत करने को कहा गया। पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की शादी अनुदान योजना में मथुरा और मैनपुरी को निर्धारित लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए गए।
खाद्य एवं रसद विभाग की समीक्षा में उचित दर की दुकानों की रिक्तियों पर नए चयन की प्रक्रिया पूरी करने और निलंबित दुकानों के प्रकरणों का जल्द निस्तारण करने को कहा गया। अन्नपूर्णा भवनों को लेकर बताया गया कि कुल 116 भवनों के सापेक्ष 78 का निर्माण पूरा हो चुका है और शेष पर कार्य जारी है, जिसे तेजी से पूरा कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक में संयुक्त विकास आयुक्त उमेश मणि त्रिपाठी, जिलाधिकारी मथुरा चंद्र प्रकाश सिंह, जिलाधिकारी मैनपुरी इंद्रमणि त्रिपाठी, जिलाधिकारी फिरोजाबाद संतोष कुमार शर्मा, चारों जिलों के मुख्य विकास अधिकारी, एडी हेल्थ सहित मंडल के अधिकारी उपस्थित रहे।
- आगरा में नाबालिग के साथ बेरहमी से मारपीट: तमंचे की बट से सिर फोड़ा, वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर किया वायरल - November 23, 2026
- विकास कार्यों व लंबित प्रस्तावों को लेकर मंडलायुक्त नगेन्द्र प्रताप सख्त: आईजीआरएस रैंकिंग में आगरा मंडल को मिला 10वां स्थान - November 23, 2026
- गुजरात में लूट कर फरार हुए दो आरोपी आगरा में गिरफ्तार, यमुना एक्सप्रेसवे के पास एसटीएफ ने दबोचा - November 23, 2026