श्रीकृष्ण-बलराम की भव्य शोभायात्रा ने मोहा आगरा का मन: 50 से अधिक झांकियों ने दिया धर्म और सामाजिक समरसता का संदेश

स्थानीय समाचार

आगरा। श्रीकृष्ण लीला महोत्सव के अंतर्गत सोमवार को बल्केश्वर रोड स्थित गौशाला परिसर से भगवान श्रीकृष्ण-बलराम की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। भक्ति, श्रद्धा और सांस्कृतिक उल्लास से सराबोर शोभायात्रा ने नगरवासियों का मन मोह लिया। आकर्षक धार्मिक झांकियों और भगवान के दिव्य स्वरूपों के दर्शन के लिए मार्ग में श्रद्धालुओं की उत्सुकता देखते ही बनती थी।

शोभायात्रा में धार्मिक प्रसंगों के माध्यम से भारतीय अध्यात्म, धर्म, संस्कृति, राष्ट्रीय भावना और सामाजिक समरसता का संदेश दिया गया। बाजारों और मार्गों में श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन कर अपनी आस्था व्यक्त की।

बल्केश्वर रोड स्थित गौशाला परिसर से निकाली गई शोभायात्रा का शुभारंभ विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने आरती उतार कर किया। शोभायात्रा में खाटू श्याम जी, पीतांबरा माता, नरसिंह अवतार, श्री कृष्ण का जेल में अवतार, सुदामा के चरण धोते भगवान श्री कृष्ण, चीर हरण, भोले नाथ सहित 50 से अधिक झांकियां थीं।

विद्युत शवदाह की प्रेरणा देने वाली सामाजिक संदेश देने वाली अनेक झांकियां भी थीं अंत में फूलों से सजा रथ था, जिसमें श्री कृष्णा – बलराम के स्वरूप विराजमान थे। जिनकी जगह-जगह आरती उतारी गई।

गौशाला से यह शोभायात्रा शुरू होकर जीवनी मंडी, भैरों बाजार, बेलनगंज, कचहरीघाट, छत्ता बाजार, दरेसी नंबर दो, रावतपाड़ा, सुभाष बाजार, जौहरी बाजार, किनारी बाजार, सेवका बाजार, फुलट्टी, छिलीईंट घटिया, सिटी स्टेशन मार्ग, धूलियागंज और पथवारी होते हुए बेलनगंज होती हुई गौशाला परिसर पहुंचकर संपन्न हुई।

शोभायात्रा में गिर्राज बंसल, शेखर गोयल, विजय रोहतगी, शोभायात्रा संयोजक बृजेश अग्रवाल,अनूप गोयल, मनोज अग्रवाल, विनीत सिंघल, लक्ष्मण शर्मा, मनोज बंसल (चैंबर अध्यक्ष), सचिन सारस्वत, आशु रोहतगी, पंकज मोहन, अनंत उपाध्याय, विष्णु कुमार अग्रवाल सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

श्रीकृष्ण लीला समिति के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने कहा कि श्रीकृष्ण लीला महोत्सव के अंतर्गत आयोजित यह शोभायात्रा ब्रज की समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं का जीवंत स्वरूप बनकर सामने आई। भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं के माध्यम से लोकमंगल, प्रेम, सद्भाव और मानवता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने की परंपरा को इस आयोजन ने नई ऊर्जा प्रदान की। शोभायात्रा ने आगरा की सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक चेतना को भी अभिव्यक्ति दी।

श्री कृष्ण व रुक्मिणी के लगेगी मेहंदी

समिति के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल के अनुसार श्री कृष्ण लीला में रुक्मिणी मंगल लीला का मंचन 24 नवंबर को शाम 6 बजे से किया जाएगा। इससे पूर्व सीताराम मंदिर, वजीरपुरा पर प्रातः 10:00 बजे श्री कृष्ण- रुक्मिणी जी की मेंहदी का आयोजन किया गया है ।

रक्तदान शिविर 25 को

श्री कृष्ण लीला समिति की ओर से लीला स्थल गौशाला पर 25 नवंबर को प्रात: 10:00 बजे से रक्तदान शिविर लगाया जाएगा। समिति के महामंत्री श्री विजय रोहतगी के अनुसार जो लोग रक्तदान करना चाहते हैं, वे कमेटी के पदाधिकारियों को अपने रजिस्ट्रेशन करा दें।

Dr. Bhanu Pratap Singh