‘योगी की पाती’ में छलका सीएम का दर्द: मां सावित्री देवी को याद कर भावुक हुए योगी, शेयर किया पहली भिक्षा का संस्मरण

REGIONAL

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी दिवंगत पूजनीय माता सावित्री देवी के देवलोकगमन के उपरांत अपनी गहरी वेदना और भावुक उद्गारों को ‘योगी की पाती’ के रूप में राज्य की जनता के साथ साझा किया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जारी इस भावपूर्ण पत्र में सीएम योगी ने मां के अनमोल संस्कारों, निस्वार्थ वात्सल्य और मानव जीवन में उनके अद्वितीय स्थान को याद किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सनातन संस्कृति के मूल्य मातृ वंदना से सिंचित हैं और जीवन में कुछ ऋण ऐसे होते हैं जिन्हें कभी चुकाया नहीं जा सकता, केवल कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन ही उनका सच्चा प्रत्युत्तर हो सकता है।

;

​सीएम योगी ने प्रदेश के प्रत्येक नागरिक से आह्वान किया कि दिवंगत मां के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि हर व्यक्ति किसी निराश्रित, दुखी या वंचित मां की पीड़ा को समझकर उनके चेहरे पर मुस्कान लाने और उनका संबल बनने का पवित्र संकल्प ले।

​’मां की जगह दुनिया में कोई नहीं ले सकता’

​’योगी की पाती’ में मुख्यमंत्री ने लिखा कि यह पत्र इस सृष्टि की प्रत्येक मां को समर्पित है, जिसके बिना न तो जीवन की कल्पना संभव है और न ही इस संसार का कोई अस्तित्व। मां केवल जन्मदात्री ही नहीं, बल्कि संपूर्ण जगत की जननी है। उन्होंने मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम के वनगमन के समय मां कौशल्या के आशीर्वाद, श्रीकृष्ण के गोकुल गमन और भक्त ध्रुव व प्रह्लाद के चरित्र निर्माण में माताओं के महान योगदान का स्मरण कराया। सीएम योगी ने लिखा कि मां वह आलंबन है जो संसार में किसी का भी स्थान ले सकती है, परंतु संपूर्ण ब्रह्मांड में मां की जगह लेने वाला कोई नहीं है। मां का साया हटने का अर्थ जीवन से भावनात्मक सुरक्षा और निस्वार्थ प्रेम की छांव का हमेशा के लिए उठ जाना है।

​संन्यास के बाद जब पहली भिक्षा मांगने पंचूर पहुंचे थे योगी

​अपनी प्रथम गुरु और अक्षर ज्ञान देने वाली पूज्य माता के अनंत यात्रा पर प्रस्थान करने के क्षणों को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने अपने जीवन के उस अत्यंत भावुक प्रसंग का भी उल्लेख किया, जब संन्यास लेने के तीन वर्ष बाद वे भगवा वस्त्र धारण कर पहली बार अपने गृह ग्राम पंचूर (उत्तराखंड) पहुंचे थे।

​योगी ने संस्मरण साझा करते हुए लिखा कि संन्यास परंपरा के विधान के तहत जब उन्होंने अपने ही घर के दरवाजे पर खड़े होकर भिक्षा मांगी, तो आवाज सुनकर बाहर आईं मां सहसा स्तब्ध रह गईं। मां ने खुद को संभालते हुए भावुक स्वर में पूछा, “बेटा, यह क्या हाल बना रखा है? घर में क्या कमी थी, जो भीख मांग रहे हो?” इस पर संन्यासी योगी ने उत्तर दिया था, “मां, संन्यास मेरा धर्म है और एक योगी की क्षुधा भिक्षा से ही शांत होती है। मैं यहां ठहरने नहीं, बल्कि भिक्षा मांगने आया हूं। आप जो भी भिक्षा प्रदान करेंगी, वही मेरे संकल्प को सिद्ध करेगा।” मां की ममता ने उस क्षण अपने संन्यासी पुत्र के धर्म और संकल्प का पूरा मान रखा।

​मातृशक्ति की सेवा ही जीवन का ध्येय

मुख्यमंत्री ने पत्र के अंत में लिखा कि सार्वजनिक जीवन में आने के पश्चात वे निरंतर उत्तर प्रदेश की संपूर्ण मातृशक्ति के कल्याण और सुरक्षा के लिए अपने कर्तव्यों का निष्पादन कर रहे हैं। उन्होंने पूरे प्रदेशवासियों से आग्रह किया कि वे समाज की हर असहाय और निराश्रित मां के जीवन में सहारा बनकर मातृशक्ति के प्रति अपने सामाजिक व नैतिक उत्तरदायित्वों को निभाएं।

Dr. Bhanu Pratap Singh