
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में आज (रविवार) शाम ठीक 6 बजे एक वृहद ‘ब्लैकआउट मॉक ड्रिल’ आयोजित की जाएगी। युद्धकालीन स्थितियों और किसी भी आपातकालीन आपदा से निपटने की प्रशासनिक तैयारियों को परखने के उद्देश्य से यह व्यापक अभ्यास किया जा रहा है। इस दौरान शहरों में सायरन की गूंज सुनाई देगी और कई क्षेत्रों में कुछ समय के लिए बिजली आपूर्ति बंद रखी जाएगी।
अभ्यास के दौरान पुलिस, अग्निशमन सेवा, स्वास्थ्य महकमा और आपदा प्रबंधन की टीमें मुस्तैदी के साथ अपनी परिचालन क्षमताओं का प्रदर्शन करेंगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पूरे प्रदेश में शाम 6 बजे यह मॉक एक्सरसाइज एक साथ शुरू होगी। ब्लैकआउट के तहत प्रमुख शहरों के विभिन्न इलाकों में कुछ देर के लिए पूर्ण अंधकार रहेगा, जबकि प्रशासनिक अमला पूरी तरह अलर्ट मोड पर तैनात रहेगा। इस दौरान सम्भावित हवाई हमले (एयर रेड) की चेतावनी देने वाला सायरन लगातार 2 मिनट तक बजाया जाएगा। राजधानी लखनऊ स्थित रिजर्व पुलिस लाइन में एयर रेड और ब्लैकआउट मॉक ड्रिल का मुख्य प्रदर्शन आयोजित होना तय हुआ है।
बताया जा रहा है कि राज्य के 75 जिलों में लगभग 1 लाख सिविल डिफेंस (नागरिक सुरक्षा) स्वयंसेवकों की कार्यकुशलता और तत्परता की इस विशाल ड्रिल के माध्यम से परीक्षा होगी। जैसे ही सायरन की आवाज सुनाई देगी, आम नागरिकों को सुरक्षित स्थलों पर पहुंचने की हिदायत दी जाएगी और प्रशासन अपनी त्वरित रिस्पॉन्स प्रणाली को परखेगा।
इस अभ्यास के सफल संचालन हेतु शासन स्तर से सभी जिलाधिकारियों एवं उप-नियंत्रकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। प्रदेश भर में नागरिक सुरक्षा विभाग द्वारा SDMA, DDMA, SDRF, NDRF, पुलिस, फायर ब्रिगेड और स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से यह मॉक ड्रिल संपन्न कराई जाएगी।
- इस्कॉन मंदिर में धूमधाम से संपन्न हुआ तुलसी-सालिगराम विवाह: बैंड-बाजों और आतिशबाजी के साथ निकली भव्य बारात - November 22, 2026
- आगरा के खैरागढ़ में किसान पर आवारा सांड़ का जानलेवा हमला; पसली तोड़ते हुए पेट में घुसा सींग, हालात गंभीर, हॉस्पिटल में भर्ती - November 22, 2026
- यूपी के सभी 75 जिलों में आज शाम 6 बजे होगी ब्लैकआउट मॉक ड्रिल: गूंजेंगे सायरन, कुछ देर के लिए गुल होगी बिजली - November 22, 2026