सेंट जॉन्स कॉलेज में 30वां मैकश राष्ट्रीय पुरस्कार समारोह: AMU के प्रो. सगीर अफराहीम उर्दू अदब के लिए सम्मानित

PRESS RELEASE

आगरा: उर्दू साहित्य और अदब की दुनिया में उल्लेखनीय और दीर्घकालिक योगदान के लिए अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (AMU) के पूर्व उर्दू विभागाध्यक्ष प्रो. सगीर अफराहीम को 30वें वार्षिक ‘अल्लामा मैकश अकबराबादी राष्ट्रीय पुरस्कार समारोह-2026’ में प्रतिष्ठित मैकश अवार्ड से अलंकृत किया गया। शहर के ऐतिहासिक सेंट जॉन्स कॉलेज के असेंबली हॉल में आयोजित इस भव्य और गरिमामय समारोह में उन्हें स्मृति चिह्न, मानपत्र और शाल भेंट कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर आयोजित विशेष साहित्यिक गोष्ठी में देश भर से आए प्रख्यात उर्दू विद्वानों और साहित्यकारों ने अल्लामा मैकश अकबराबादी के व्यक्तित्व, उनके साहित्यिक अवदान और सूफी चिंतन पर गहरे विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि उर्दू अदब की समृद्ध परंपरा तथा प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का संदेश नई पीढ़ी तक पहुँचाने में ऐसे साहित्यिक आयोजन अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

​संत विशिष्ट अतिथियों की मौजूदगी में हुआ सम्मान

यह राष्ट्रीय समारोह ‘बज़्म-ए-मैकश’ संस्था द्वारा सेंट जॉन्स कॉलेज के उर्दू विभाग के सहयोग से आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के संरक्षक सैयद अजमल अली शाह जाफ़री नियाज़ी ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के उर्दू विभागाध्यक्ष प्रो. सैयद सिराजउद्दीन अजमली ने शिरकत की। मंच पर सेंट जॉन्स कॉलेज के प्राचार्य प्रो. एस.पी. सिंह और उत्तर प्रदेश के पूर्व उप परिवहन आयुक्त (STA) डॉ. विक्रम सिंह भी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

​बज़्म-ए-मैकश के संरक्षक सैयद अजमल अली शाह कादरी नियाज़ी ने प्रो. सगीर अफराहीम को अंग वस्त्र, मानपत्र और स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया। संस्था की महासचिव प्रो. (डॉ.) नसरीन बेगम ने सम्मानित साहित्यकार का विस्तृत परिचय प्रस्तुत किया, जबकि मानपत्र का सस्वर वाचन सैयद फैज़ अली शाह द्वारा किया गया।

​”यह सम्मान अदबी हलकों में बढ़ाएगा मान”: प्रो. सगीर अफराहीम

सम्मान ग्रहण करने के पश्चात प्रो. सगीर अफराहीम ने अपने संबोधन में कहा कि आज के ये पल उनके जीवन के सबसे अहम और यादगार लम्हात हैं। इस प्रतिष्ठित पुरस्कार को प्राप्त करने से साहित्यिक हलकों में उनके उत्तरदायित्व और सम्मान में और अधिक वृद्धि होगी। संस्था के संरक्षक सैयद अजमल अली शाह ने कहा कि मैकश अवार्ड हिंदुस्तान के उन चुनिंदा अदीबों को प्रदान किया जाता रहा है, जिन्होंने अपना संपूर्ण जीवन उर्दू भाषा और साहित्य की सेवा के लिए समर्पित कर दिया है। प्रो. सगीर अफराहीम भी इसी गौरवशाली साहित्यिक परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं।

​मुख्य अतिथि प्रो. सैयद सिराजउद्दीन अजमली ने कहा कि ताजनगरी आगरा एक ऐसा ऐतिहासिक शहर है, जिसने देश को अनेक महान अदीब, शायर और विचारक दिए हैं। मैकश अवार्ड एक ऐसा गौरवशाली सम्मान है, जिसे प्राप्त कर कोई भी साहित्यकार स्वयं को गौरवान्वित महसूस करता है। पूर्व उप परिवहन आयुक्त डॉ. विक्रम सिंह ने कहा कि उर्दू अदब से जुड़े इस तरह के सांस्कृतिक आयोजन समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और गंगा-जमुनी तहजीब का संदेश जन-जन तक पहुँचाते हैं।

​मैकश अकबराबादी के सूफी चिंतन पर केंद्रित रही गोष्ठी

समारोह का सबसे बड़ा और मुख्य आकर्षण “मैकश अकबराबादी की शख्सियत और फिक्र-ए-तसव्वुफ” विषय पर आयोजित उच्चस्तरीय विचार गोष्ठी रही। इसमें सेंट जॉन्स कॉलेज के उर्दू विभागाध्यक्ष सिब्ते हसन नकवी, सैयद बसारुल हसन वफा नकवी, डॉ. मुजीब शहज़र, नईमा जाफरी पाशा और आबिंदा फातिमा ने मैकश अकबराबादी के व्यक्तित्व, उनके साहित्यिक अवदान और सूफी विचारधारा के विभिन्न अनछुए पहलुओं पर अपने सारगर्भित विचार रखे।

वक्ताओं ने उनके साहित्य में निहित आध्यात्मिक चिंतन, मानवीय मूल्यों और रूहानी संदेश पर विस्तार से प्रकाश डाला।

​दो पुस्तकों का विमोचन और विद्यार्थियों का सम्मान

कार्यक्रम के दौरान दो महत्वपूर्ण पुस्तकों का लोकार्पण भी किया गया। इसमें सैयद फैज़ अली शाह कादरी नियाज़ी जाफ़री द्वारा संपादित पुस्तक ‘इंतिखाब-ए-कलाम हज़रत सैयद मोहम्मद अली शाह कादरी नियाज़ी अल्लामा मैकश अकबराबादी’ तथा प्रो. नसरीन बेगम के चर्चित कहानी संग्रह ‘तल्खियां जिंदगी की’ शामिल हैं। इस पावन अवसर पर सैयद अजमल अली शाह और सेंट जॉन्स कॉलेज की प्रो. विन्नी जैन ने उर्दू विषय के मेधावी छात्र-छात्राओं को स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम का बेहद प्रभावी संचालन प्रो. नसरीन बेगम ने किया। उन्होंने मैकश अकबराबादी को श्रद्धांजलि देते हुए उनका यह प्रसिद्ध शेर पढ़ा—

​”खूब था उनकी तवज्जह का जमाना मैकश,
अब तो शायद उन्हें हम याद भी कम आते हैं।”

कार्यक्रम के अंत में सैयद फैज़ अली शाह ने समारोह में पधारे सभी अतिथियों, देश भर से आए साहित्यकारों और उपस्थित गणमान्य नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

​इस भव्य समारोह में शाहिद नदीम, अमीर अहमद (एडवोकेट), सईदुल्ला माहिर, महमूदुज्जमा, सैयद मोहताशम अतहर सिद्दीकी, आविद मोहम्मद, नवेद अतहर सिद्दीकी, डॉ. सादिया, डॉ. दानिश, अनिल शुक्ल, बसारुद्दीन अहमद, अख्तर उवैसी, डॉ. महेश धाकड़, असलम सलीमी और अमित नेल्सन सहित बड़ी संख्या में साहित्यप्रेमी और शहर के गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Dr. Bhanu Pratap Singh