नई दिल्ली/वाराणसी। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री अपने विवादित बयानों को लेकर एक बार फिर देशव्यापी विवादों के घेरे में आ गए हैं। कुछ ही दिनों पहले भगवान श्रीकृष्ण के स्वरूप को लेकर की गई टिप्पणी पर उठा विवाद अभी पूरी तरह थमा भी नहीं था कि अब भगवान श्रीराम पर दिए गए उनके एक और बयान ने राजनीतिक और धार्मिक पारे को सातवें आसमान पर पहुंचा दिया है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही एक नई वीडियो क्लिप में धीरेंद्र शास्त्री भगवान श्रीराम के ‘पांच पिता’ होने का विचित्र दावा करते हुए सुनाई दे रहे हैं।
क्या कहा है धीरेंद्र शास्त्री ने?
वायरल वीडियो में धीरेंद्र शास्त्री कहते हुए नजर आ रहे हैं। “राम जी के पांच बाप थे। यह विचित्र बात है और इसे स्वीकार करना मुश्किल है, मगर यह सत्य है। यह तुम्हें किसी लेख में नहीं मिलेगा और यह पूछ भी मत लेना कि किस लेख में है। हमारी छोटी सी कुमति है तो बता रहे हैं… मति तो है नहीं, कुमति है। इसे ऐसे प्रमाणित कर रहे हैं कि दशरथ जी के प्राण गए, मगर राम जी ने अंत्योष्टि क्रिया नहीं की।”
”सनातनी मुख्यमंत्री का बुलडोजर कहां चला गया?” — अखिलेश यादव
धीरेंद्र शास्त्री के इस ताजा बयान का वीडियो सामने आते ही समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आक्रामक रुख अपना लिया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपनी तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए अखिलेश यादव ने लिखा कि आखिर ये सनातन विरोधी किसके इशारे पर समाज में सक्रिय हैं। पहले भगवान श्रीकृष्ण के बारे में अमर्यादित वीडियो सामने आया और अब भगवान राम के पिता को लेकर अभद्र बातें प्रसारित की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि भले ही इसके राजनीतिक आकाओं को यह सब मंजूर हो, लेकिन देश के सच्चे सनातनियों को इसका अंश मात्र भी स्वीकार्य नहीं है। अखिलेश यादव ने मांग की कि सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने के इस गंभीर अपराध में धीरेंद्र शास्त्री के सभी आगामी कार्यक्रम तुरंत रद्द किए जाएं।
वाराणसी पहुंचे सपा प्रमुख ने बिना नाम लिए भाजपा और राज्य सरकार को आड़े हाथों लेते हुए सवाल दागा ”श्रीकृष्ण और श्रीराम का अपमान करने वाले धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ ये तथाकथित नकली सनातनी चुप क्यों हैं, जो दूसरों को सनातन धर्म पर ज्ञान बांटते फिरते थे? आखिर राम जी और कृष्ण जी के अपमान पर ऐसा कौन-सा धागे का रिश्ता है कि कोई धीरेंद्र के खिलाफ बोल नहीं रहा? सनातनी मुख्यमंत्री का बुलडोजर आखिर कहां चला गया?”
माफीनामा भी नहीं आ रहा काम, दिल्ली में पुलिस शिकायत दर्ज
इससे पूर्व, मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के करैरा में आयोजित श्रीराम कथा के दौरान धीरेंद्र शास्त्री ने भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण के स्वरूपों की तुलना की थी, जिस पर भारी लानत-मलानत हुई थी। चौतरफा विरोध को देखते हुए शास्त्री ने एक वीडियो जारी कर सफाई दी थी। उन्होंने कहा था कि उनका उद्देश्य भगवान राम और कृष्ण के बीच भेद पैदा करना या अपमान करना नहीं था, बल्कि वे ब्रज की भक्ति परंपरा और हास्य-विनोद के संदर्भ में बात कह रहे थे। यदि इससे किसी की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं, तो वे क्षमा चाहते हैं।
हालांकि, धीरेंद्र शास्त्री का यह माफीनामा भी विरोध की आग को शांत नहीं कर पा रहा है। बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने धीरेंद्र शास्त्री के इन विवादित बयानों को लेकर नई दिल्ली के संसद मार्ग पुलिस थाने में लिखित शिकायत (FIR हेतु) दर्ज कराई है। उन्होंने बागेश्वर सरकार पर देश के करोड़ों सनातनी नागरिकों की धार्मिक भावनाओं को गंभीर ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया है।
- Agra News: शादी के 15 साल बाद घर में गूंजी थी किलकारी, टीकाकरण के बाद बिगड़ी तबीयत से बुझ गया घर का चिराग: परिवार में मचा कोहराम - November 4, 2026
- भगवान राम के 5 … अब धीरेंद्र शास्त्री का पुराना बयान वायरल, अखिलेश यादव बोले- सनातनी मुख्यमंत्री का बुलडोजर अब कहां चला गया? - November 4, 2026
- कुशीनगर में हाईवोल्टेज ड्रामा: शादी की मांग लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ी युवती, नीचे फेंकी व्हाट्सएप चैटिंग की कॉपियां; प्रेमी पर लगाया धोखा देने का आरोप - November 4, 2026